पटना. मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी ने सोमवार को कहा कि प्रधानमंत्री
नरेंद्र मोदी तानाशाह हैं, जबकि सुशील मोदी को छपास की बीमारी है। जनता दरबार के बाद पत्रकारों से उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी अपने मंत्रियों से तानाशाह की तरह हिसाब मांग रहे हैं। उन्होंने भाजपा सांसद सीपी ठाकुर की सराहन करते हुए कहा- उनका व्यक्तित्व गौरवशाली है। मंत्रिमंडल विस्तार अभी नहीं : उन्होंने कहा कि मंत्रिमंडल विस्तार की अभी संभावना नहीं है। लालू प्रसाद दिल्ली आ चुके हैं। नीतीश कुमार दिल्ली गए हैं। वहां दोनों की मुलाकात हुई होगी। राजद, जदयू और कांग्रेस के नेता आपस में मिलकर यह तय करेंगे और मुझे बताएंगे। उन्होंने कहा कि
जम्मू-कश्मीर त्रासदी के पीड़ितों के सहायतार्थ 10 करोड़ रुपए राज्य सरकार ने भेजा है।
भाेजन के 65 हजार पैकेट बने हुए हैं। कुछ भी सड़ने वाला नहीं है। नहीं होती अनुसूचित जाति की सही जनगणना : कहा कि अनुसूचित जाति के लोगों की जनगणना सही नहीं की जाती है। 1000 हैं, तो 600 की ही गिनती होती है। इस कारण इस जाति के सभी लोग वोटर लिस्ट में नहीं आ पाते। वास्तविक रूप में अनुसूचित जाति की संख्या बिहार में 22 फीसदी है, जबकि जनगणना में मात्र 16 फीसदी आता है।
ऊंघते रहे रमई राम : जनता दरबार में परिवहन मंत्री रमई राम ऊंघते रहे। इसपर मुख्यमंत्री ने कुछ भी कहने से इनकार किया। उन्होंने कहा कि मैंने उन्हें सोते हुए नहीं देखा। वहीं, जनता दरबार के बीच से कुछ मंत्रियों के चले जाने से जुड़े एक प्रश्न के उत्तर में मुख्यमंत्री ने कहा कि इजाजत लेकर जाने में कोई आपत्ति नहीं होनी चाहिए।