पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

मुख्यमंत्री मांझी बोले 'शराब पीने और सामाजिक कुरीतियों के कारण घट रही दलितों की आयु'

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
पटना. मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी ने कहा कि मदिरा सेवन और सामाजिक कुरीतियों के कारण अनुसूचित जाति के लोगों की आयु घटती जा रही है। दलित और वंचित तबका इन बुराइयों से दूर रहे, तभी समाज आगे बढ़ेगा। ये बातें उन्होंने रविवार को अविद्या विमुक्ति संस्थान द्वारा "शहरी गरीबी और राज्य के भूमिहीन व बेघर शहरी आवास, आजीविका, स्वास्थ्य एवं सामाजिक सुरक्षा' विषय पर आयोजित गोष्ठी में कहीं। सीम बोले- मैंने कभी मदिरापान नहीं किया। तभी मैं और मेरे भाई पढ़ सके।
जब मैं गांवों की गरीबी को देखता हूं, तो दुख होता है। गरीबी 54 से घटकर 33 प्रतिशत हो गई है। हमें इससे संतुष्ट होने की बजाय गरीबी को समाप्त करने का निरंतर प्रयास करते रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि दलित समाज भूखा रहकर भी अपने बच्चों को पढ़ाने का संकल्प ले। स्वास्थ्य व सफाई पर ध्यान दें।मुख्यमंत्री ने कहा कि मेरे बयानों को मेरी भावनाओं के विपरीत तोड़-मरोड़कर पेश किया जाता है, तो मुझे दुख होता है।
दोषी मिले अनंत, तो होगी कार्रवाई
मुख्यमंत्री ने विधायक अनंत सिंह के मॉल के मामले में कहा कि राज्य में कानून का शासन है। पुलिस है। कोर्ट है। अगर कोई मामला बनता है तो कार्रवाई होगी।
भूतपूर्व सैनिक कल्याण कोष में मुख्यमंत्री ने अंशदान किया : मुख्यमंत्री ने रविवार को भूतपूर्व सैनिकों के आश्रितों के कल्याण कोष में अंशदान किया। राज्य भूतपूर्व सैनिक संघ के अध्यक्ष लेफ्टिनेंट (सेवानिवृत्त) नंद कुमार सिंह के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से मुलाकात की। संघ ने मुख्यमंत्री को एक स्मारपत्र देकर भूतपूर्व सैनिकों की समस्याओं के प्रति उनका ध्यान आकृष्ट कराया। मिलने वालों में संघ के महासचिव सूबेदार मेजर केके राय, आरएन सिंह, सचिव चंद्र भूषण सिंह, अधिवक्ता वरुण कुमार चौधरी और एसपी सिंह मौजूद थे।
पीएम भाषण अच्छा देते हैं, पर अमल भी करें
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के यूएनओ में भाषण पर कहा कि पीएम बोलते अच्छा है, पर उसपर अमल भी होना चाहिए। पीएम ने चीन और पाकिस्तान के बारे में बोला। उन्होंने यूएनओ में शौचालय और स्वच्छता के बारे में चर्चा की। इस मुद्दे को वहां उठाने का क्या फायदा? देश में आकर इसपर काम करना चाहिए। मैंने लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स में हिंदी में भाषण दिया, पर इस पर आप सभी (मीडिया) का ध्यान नहीं गया।
जया प्रकरण से कानून पर भरोसा बढ़ा : मांझी
मुख्यमंत्री ने कहा कि तमिलनाडु की मुख्यमंत्री जयललिता को सजा अप्रत्याशित नहीं है। कानून ने अपना काम किया है। इससे न्यायिक प्रक्रिया पर विश्वास बढ़ा है। बिहार में आय से अधिक संपत्ति रखने वालों की पहचान कर कार्रवाई होगी। आय से अधिक संपत्ति के मामले में कई अफसरों के मकान को जब्त कर उसमें स्कूल चलाया जा रहा है।
(दीप जलाकर संगोष्ठी का शुभारंभ करते मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी। इसमें मोहम्मद शब्बीर आलम, कुंती देवी, नीलू देवी और शीला देवी ने भी भाग लिया।)