पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Congress Will Not Let The Price Without The Special Status Said Sushil Modi

बिना कीमत के विशेष दर्जा नहीं देगी कांग्रेस : सुशील मोदी

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
पटना। उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने कहा है कि बगैर कोई कीमत लिए कांग्रेस विशेष दर्जा नहीं देने वाली। कांग्रेस पार्टी हर काम कीमत लेकर करती है। दलों से समर्थन के लिए सीबीआई का इस्तेमाल करती है। मंगलवार को पटना में अपने सरकारी आवास पर जनता दरबार के बाद मोदी ने कहा कि कांग्रेस वोट के रूप में कीमत वसुलना चाहती है। दूसरी कोई राजनीतिक कीमत भी वसूलना चाहती होगी। उनका इशारा जदयू और कांग्रेस के भावी गठबंधन की ओर था। उन्होंने कहा कि 28 फरवरी को अपने बजट भाषण में केंद्रीय वित्त मंत्री पी चिदंबरम ने पिछड़ेपन के नए क्राइटेरिया के लिए कमेटी गठन की बात कही थी।
ढाई महीना बीतने पर वही बात दुहरा रहे हैं। केंद्र की मंशा पर सवाल उठाते हुए मोदी ने कहा - एनडीसी की बैठक में विशेष दर्जा पर निर्णय होता है। मुझे नहीं लगता कि चिदंबरम विशेष दर्जा दे पाएंगे...। मोदी ने कहा कि केंद्र सरकार अंतिम सांसें ले रही है। अब भाजपा के नेतृत्व में बननेवाली अगली सरकार विशेष दर्जा देगी। नीतीश और कांग्रेस की नजदीकियों को खारिज करते हुए सुशील मोदी ने कहा- मुझे नहीं लगता कि ऐसी सरकार जिसपर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप हैं और पुराने दल साथ छोड़ रहे हैं, कोई नया दल साथ जाएगा...। मोदी ने बिहार में दो केंद्रीय विश्वविद्यालयों के गठन के कैबिनेट निर्णय के बावजूद संसद में संशोधन बिल पारित नहीं कराने के लिए केंद्र को कठघरे में खड़ा किया।
विशेष दर्जा वाले राज्यों की बैठक
राज्यों के वित्त मंत्रियों की प्राधिकृत समिति के अध्यक्ष के नाते सुशील मोदी ने विशेष दर्जा वाले 11 राज्यों की बैठक बुलाई है। जून के अंतिम सप्ताह में शिलांग में यह बैठक होगी। मोदी ने बताया कि बैठक में विशेष दर्जा प्राप्त राज्यों की समस्याओं पर चर्चा होगी।
योजना आयोग में बैठक
बुधवार को नई दिल्ली में योजना आयोग के साथ बिहार के योजना आकार पर बैठक हो रही है। वित्त मंत्री की हैसियत से सुशील मोदी भी इसमें भाग लेंगे। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में आयोग के समक्ष गत विधानमंडल सत्र में पारित 34 हजार करोड़ के योजना आकार के तथ्यों को रखा जाएगा। योजना आयोग से औपचारिक और अंतिम मंजूरी ली जाएगी। मोदी ने बताया कि सकारात्मक चर्चा के बाद योजना आकार बढ़ भी सकता है।