पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Daudnagr Nasriganj And Cleared The Bridge Pier Bangra

दाउदनगर-नासरीगंज व बंगरा घाट पुल का रास्ता साफ

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

पटना. गंडक और सोन नदी पर एक-एक पुल का निर्माण जल्द शुरू होगा। इसके लिए एजेंसी चयन की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। सोन नदी पर औरंगाबाद जिले के दाउदनगर और रोहतास जिले के नासरीगंज के बीच पुल बनाने के लिए 'एचसीसी एजेंसी का चुना जाना तय है। बिहार राज्य पुल निर्माण निगम द्वारा एजेंसी का नाम फाइनल कर दिया है। इस एजेंसी ने 16 फीसदी कम कीमत पर पुल बनाने के लिए टेंडर दिया है। विकास आयुक्त की अध्यक्षता वाली इंपावर्ड कमेटी एजेंसी के नाम पर अब मुहर लगाएगी।

वहीं, गंडक नदी पर गोपालगंज जिले के बंगरा घाट और मुजफ्फरपुर जिले के साहेबगंज के बीच पुल बनाने के लिए 'एसपी सिंगला एजेंसी का चुना जाना तय माना जा रहा है। बिहार राज्य पुल निर्माण निगम द्वारा अगले हफ्ते में एजेंसी का नाम फाइनल करने की संभावना है। इसी एजेंसी ने सबसे कम कीमत पर पुल बनाने के लिए टेंडर भरा है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने शासन के आठ साल पूरे होने पर इन पुलों को बनाने की घोषणा की थी। उम्मीद जताई जा रही है कि लोकसभा चुनाव की अधिसूचना जारी होने से पहले इन दोनों पुलों का काम शुरू हो जाएगा।

बंगरा घाट सेतु
लंबाई -1.50 किमी.
(एप्रोच रोड- 18.5 किमी.)
चौड़ाई : थ्री लेन
लागत : 376 करोड़ रु.
बनेगा : 3 साल में
सारण के रेवाघाट पुल और गोपालगंज के डुमरिया घाट पुल पर गाडिय़ों का दबाव कम होगा। यह पुल एसएच- 74 को एसएच- 90 से जोड़ेगा। इससे गोपालगंज जिले के राजापट्टी और सारण जिले के मशरख, तरैया आदि क्षेत्र मुजफ्फरपुर के देवरिया, पारू, सरैया, साहेबगंज से सीधे जुड़ जाएंगे।

दाउदनगर : नासरीगंज सेतु
लंबाई -2.90 किमी.
(एप्रोच रोड- 6.29 किमी.)
चौड़ाई : फोर लेन
लागत : 520 करोड़ रु.
बनेगा : 3 साल में
इसके बनने से डेहरी ऑन सोन पुल पर गाडिय़ों का दबाव कम होगा। यह पुल औरंगाबाद जिले से गुजरने वाले एनएच- 98 को रोहतास के एसएच- 15 से जोड़ेगा। इसके बनने से अरवल जिले को भी लाभ होगा।