पटना। पथ निर्माण मंत्री ललन सिंह ने दीघा एप्रोच रोड मसले पर विपक्ष के नेता
सुशील कुमार मोदी से पूछा है कि कभी सच भी बोलेंगे या नहीं। सतही जानकारी से ऊपर कब उठेंगे। उन्होंने राज्य के मुख्य सचिव के नाम केन्द्र सरकार के योजना आयोग के सचिव सिन्धुश्री खुल्लर का बीते 27 अक्टूबर के लिखे पत्र का हवाला देते हुए कहा कि उसमें दीघा एप्रोच रोड का निर्माण राज्य सरकार से करने का आग्रह किया गया है।
तर्क यह दिया गया है कि एनएचएआई की एजेंसी के काम छोड़ देने से निर्माण रुक गया है। जबकि सुशील मोदी ने हम पर गलतबयानी का आरोप लगाते हुए कहा कि ललन सिंह को मालूम नहीं कि उनके विभाग में क्या हो रहा है।
मोदी जी का कहना है कि राज्य सरकार और एनएचएआई के बीच हुई बैठक में सहमति बन चुकी है कि एनएचएआई ही दीघा-सोनपुर पुल की दोनों ओर के अस्थाई एप्रोच रोड का निर्माण कराएगी।
ऐसे में केन्द्र के इस पत्र की जानकारी होने के बाद तो उन्हें दीवाल पर माथा पटकना पड़ेगा। उन्होंने पूर्व पथ निर्माण मंत्री नन्द किशोर यादव से पूछा कि वे चुप क्यों हैं।