पटना। पूर्व मध्य रेलवे की पांच महिला फुटबॉल खिलाडिय़ों को भारतीय टीम में जगह मिली है। भारतीय टीम में चयन होने से एक ओर जहां खिलाडिय़ों में उत्साह है, वहीं खिलाडिय़ों ने बेहतर प्रदर्शन करने का दावा किया है। चयनित खिलाड़ी फिलीस्तीन में आयोजित होने वाली एएफसी महिला एशियन कप क्वालिफायर मैच में खेलेंगी। 21 से 25 मई 2013 के बीच होने वाले क्वालिफायर मैच में भारत का पहला मुकाबला म्यांमार से भारतीय समयानुसार सुबह साढ़े ग्यारह बजे शुरू होगा। भारतीय टीम के अलगे दो मैच 23 और 25 मई को क्रमश: चीनी ताइपे और फिलीस्तीन में खेले जाएंगे।
पूर्व मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क पदाधिकारी अमिताभ प्रभाकर ने बताया कि चयनित खिलाडिय़ों में सुप्रभा शामल, वाई कमला देवी, सस्मिता मल्लिक, पिंकी बोमपाल मगर और अंशा शामिल हैं। उल्लेखनीय है कि अखिल भारतीय फुटबाल फेडरेशन के तत्वावधान में पुणे में एक अप्रैल से 10 मई तक आयोजित प्रशिक्षण कैंप में पूमरे द्वारा सात फुटबॉलर को भेजा गया था। इनमें से पांच खिलाडिय़ों ने अपनी दमदार प्रतिभा के बल पर भारतीय टीम में अपना स्थान बनाया है।
खिलाडिय़ों ने मान बढ़ाया: एके चन्द्रा
पूमरे क्रीडा संघ के महासचिव एनके चन्द्रा ने कहा कि खिलाडिय़ों ने रेलवे का मान बढ़ाया है। पूमरे रेलवे अच्छे खिलाडिय़ों की नियुक्ति और खिलाडिय़ों को दी जाने वाली सुविधाओं में बढ़ोत्तरी का प्रयास करता रहेगा। चन्द्रा ने बताया कि पूमरे की महिला फुटबाल टीम बिहार राज्य की चैम्पियन टीम है।