पटना. साइंस कॉलेज के क्रिकेट ग्राउंड में खेलने को लेकर हॉस्टल के छात्र और स्थानीय लोगों के बीच बहस से शुरू हुआ मामला थोड़ी ही देर में मारपीट और रोड़ेबाजी तक पहुंच गया। छात्र खुद क्रिकेट खेलना चाहते थे, जबकि स्थानीय युवक छात्रों को हटाकर खेलना चाहते थे। पहले बहस शुरू हुई और बात बढ़ी तो स्थानीय युवकों ने कॉलेज के छात्रों को पीटना शुरू कर दिया। फिर छात्रों ने भी मोर्चा संभाला और कॉलेज कैंपस से बाहरी लोगों को खदेड़ने के लिए पत्थरबाजी शुरू कर दी। इसमें लगभग आधा दर्जन को चोटें आई।
लगभग आधा घंटा तक हुई रोड़ेबाजी के बाद मामला थोड़ा शांत हुआ तो छात्र लोगों पर कार्रवाई की मांग को लेकर सड़क पर उतर गए और अशोक राजपथ को जाम कर दिया। मामले की जानकारी पाकर पुलिस भी वज्र वाहन के साथ पहुंची। इसके बाद छात्रों को समझा-बुझा कर हटाया जा सका और रास्ता खुला। छात्रों का कहना है कि कॉलेज कैंपस में किसी भी बाहरी व्यक्ति का अकारण प्रवेश प्रतिबंधित है। रविवार के कारण वहां किसी को कोई काम भी नहीं था। इसलिए स्थानीय युवकों या किसी भी अन्य के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध लगाना होगा।