पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी बोले, 'सिद्धांतविहीन राजनीति कर रहे नीतीश'

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
पटना. नीतीश कुमार और लालू प्रसाद सिद्धांतविहीन राजनीति कर रहे हैं। दोनों अपने हिसाब से धर्मनिरपेक्षता की परिभाषा बदलते रहते हैं। जब भाजपा के साथ सत्ता में सहभागिता करते हैं, तब भाजपा पंथ निरपेक्ष रहती है और सत्ता से हटते ही यह पार्टी सांप्रदायिक हो जाती है। भाजपा समाज के सभी वर्गों को साथ ले जाने वाली पार्टी है। हिंदू, मुस्लिम, दलित, महादलित, पिछड़ा और अति पिछड़ा सभी को साथ लेकर चल रही है।
ये बातें पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी ने रवींद्र भवन में राष्ट्रवादी कुशवाहा परिषद द्वारा आयोजित चंद्रगुप्त मौर्य राज्यारोहण समारोह का उद्‌घाटन करते हुए कहीं। उन्होंने कहा कि विधानसभा में 55 साल कांग्रेस को, 15 साल राजद को और डेढ़ साल से विशुद्ध रूप से जदयू का शासन देख रहे हैं, एक बार भाजपा को मौका देखकर देखिए। कुशवाहा समाज के लोग चंद्रगुप्त मौर्य के वंशज हैं और उन्हें बिहार में चंद्रगुप्त और अशोक कालीन गौरव को वापस लाने के लिए भाजपा को सत्तासीन करने का संकल्प लेना चाहिए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उपेंद्र कुशवाहा को मंत्री बनाकर समाज को उचित सम्मान दिया है।
...तो लगवाएंगे चंद्रगुप्त मौर्य की प्रतिमा : मंगल पांडेय
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मंगल पांडेय ने कहा कि संख्या बल के आधार पर कुशवाहा राज्य में बड़े भाई की भूमिका में है। कुछ लोग बिहार को बर्बाद करने का काम कर रहे हैं। कुशवाहा समाज उन्हें रोकने का काम करें। लोकसभा चुनाव में इस समाज के लोग भाजपा के साथ खड़े हैं और विधानसभा चुनाव में भी वे भाजपा को सत्तासीन करने का काम करेंगे। भाजपा सत्ता में आई, तो पाटलिपुत्र की धरती पर चंद्रगुप्त मौर्य की प्रतिमा लगवाएगी।
प्रदेश में चल रही धनानंद की सरकार : बिहार में धनानंद की सरकार चल रही है और उसे चंद्रगुप्त मौर्य के वंशज उखाड़े फेंकने का काम करेंगे। कुशवाहा राष्ट्रवादी परिषद के प्रदेश अध्यक्ष व चंद्रगुप्त मौर्य राज्यारोहण समारोह की अध्यक्षता करते हुए डॉ. सूरज नंदन कुशवाहा ने कहा कि नीतीश कुमार ने कुशवाहा समाज को अपमानित करने का काम किया है। कार्यक्रम का संचालन रत्नेश ने किया। मौके पर विधायक सुरेंद्र कुशवाहा, जवाहर प्रसाद, विनोद कुमार सिंह, व्यासदेव प्रसाद कुशवाहा, विधान पार्षद सत्येंद्र कुशवाहा, पूर्व मंत्री सीता सिंह, प्रहलाद कुशवाहा आदि भी मौजूद थे।