(बेटे की मौत से सदमे में धनराज सिंह।)
पटना. पूर्व सांसद व राज टॉवर के मालिक धनराज सिंह ने गुरुवार को अपने घर में दावा किया कि उनके बेटे अमरेंद्र की किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। उनका परिवार पाक-साफ रहा है और कोई उनके बेटे की हत्या क्यों करेगा, नहीं पता। अमरेंद्र के पास से मिले एक कागज जिस पर पापा और धनराज सिंह का नंबर लिखा था, उसके बारे में धनराज ने खुद हैरानी जताई।
उनका कहना है कि अमरेंद्र के
मोबाइल में उनका नंबर फीड है। फिर उनका नंबर अलग से कागज पर लिखा मिलना उन्हें भी आश्चर्यचकित कर रहा है। डीपीएस और राज टॉवर को लेकर किसी तरह के विवाद को उन्होंने पूरी तरह खारिज कर दिया। जमशेदपुर में अमरेंद्र से जुड़े किसी वित्तीय लेनदेन के बारे में भी उन्होंने जानकारी से इनकार किया।
घर में किसी तरह का कोई संपत्ति विवाद भी वे मानने को तैयार नहीं है। हालांकि, अमरेंद्र की मोबाइल, घड़ी आदि गायब होने के कारण उन्हें भी संदेह है कि मामला हत्या का हाे सकता है। लेकिन, किसी पर संदेह जाहिर नहीं कर रहे हैं। मामले पर उन्होंने रेल एसपी से भी बात की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
घर में मातमी सन्नाटा, लोगों का आना जारी
पूर्व सांसद के पुनाईचक स्थित आवास में गुरुवार को मातमी सन्नाटा छाया रहा। धनराज सिंह से मिलने मुंगेर, पटना सहित अन्य स्थानों से शुभचिंतक पहुंचे थे। पूरे दिन वे अपने लोगों के बीच ही रहे। जबकि, परिवार के लोग घर में कहीं नजर नहीं आए। धनराज सिंह ने कहा कि अमरेंद्र की पत्नी तथा मां का रो-रोकर बुरा हाल है। सभी ऊपर के कमरे में हैं। वे इस सदमे से उबरने की कोशिश कर रहे हैं।
...मोबाइल तो ऑफ आ रहा था
अमरेंद्र की मां ने बुधवार को कहा था कि अमरेंद्र ने फोन कर आज बच्चों को स्कूल से नहीं ला पाने की बात कही थी। लेकिन, धनराज सिंह ने गुरुवार को कहा कि अमरेंद्र का मोबाइल सुबह से स्विच ऑफ था। बच्चों को स्कूल से लाने के लिए घर से गाड़ी जाती है। पुलिस जांच में पूरी बात साफ होगी। अभी किसी के ऊपर शक नहीं है।
आगे की स्लाइड में पढ़ें रेलवे ट्रैक पर अमरेंद्र का एक और जूता मिला, खून का नमूना भी लिया