पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

फर्जी चेक से निकाले 7.50 लाख रुपए, बैंक ने एकाउंट किया फ्रीज

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
पटना. कदमकुआं, सालिमपुर अहरा का पता दिखा कर रिलैक्स टूर पैकेज के निदेशक यश वर्धन ने 7.50 लाख रुपए की अवैध निकासी फर्जी चेक से कर ली। इसका पता तब चला जब महाराष्ट्र की कंपनी माधव बैग कार्डिएक रिहेबलिटेशन सेंटर ने गर्दनीबाग स्थित बैंक ऑफ इंडिया से संपर्क कर बताया कि ऐसा कोई चेक उनकी ओर से जारी नहीं हुआ है। फौरन हरकत में आए बैंक प्रबंधन ने यश के एकाउंट को फ्रीज कर दिया।
इसमें अभी 4 लाख 84 हजार 480 रुपए जमा हैं। यश के खिलाफ बैंक मैनेजर की शिकायत पर गर्दनीबाग थाने में एफआईआर दर्ज कर ली गयी है। सीसीटीवी फुटेज खंगाल कर पुलिस यश का पता लगाने में जुट गयी है। जांच के लिए गयी पुलिस तब हैरान रह गयी जब यश वर्धन की कंपनी के कार्यालय के पते पर कंपनी का कोई दफ्तर नहीं मिला।
प्रिंटर से बनाया चेक
पुलिस की जांच में यह सामने आ रहा है कि चेक प्रिंटर से निकाला गया है। बकौल सचिवालय डीएसपी डॉ. मो. शिबली नोमानी यश की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी चल रही है। बैंक का सीसीटीवी कैमरा खंगाला गया है। नकली चेक छापने वाले प्रिंटिंग प्रेस का का पता लगाया जा रहा है।
कई राज्यों में कर चुका है ठगी
यश ने कई राज्यों में विभिन्न बैंकों में खाता खोल कर करोड़ों की ठगी की है। उसका तरीका काफी शातिर है और पेशेवर है। बैंक प्रबंधन को उस चेक पर रत्ती भर भी संदेह नहीं हुआ था। गर्दनीबाग स्थित बैंक ऑफ इंडिया के शाखा प्रबंधक के मुताबिक रिलैक्स टूर पैकेजेज नामक कंपनी ने शाखा खोली थी। कंपनी का कार्यालय कदमकुआं के सालिमपुर अहरा और जनक किशोर रोड स्थित शिव निकेतन दिया था।
संचालक यश ने अपना वोटर आई-कार्ड के साथ पैन कार्ड आदि जमा किया था। कुछ दिन पहले महाराष्ट्र की कंपनी माधव बैग कार्डिएक रिहेबलिटेशन सेंटर से जानकारी मिली कि उनके खाते से किस्तों में 7 लाख 52 हजार 750 रुपए रिलैक्स टूर पैकेजेज नामक कंपनी के खाते में ट्रांसफर हुआ, जबकि कंपनी ने कोई चेक जारी नहीं किया। जांच में पता चला कि चेक नकली है और उसपर जाली हस्ताक्षर हैं।