पटना. गांधी मैदान की सुरक्षा और सुविधाएं बढ़ाने के लिए भवन निर्माण विभाग ने निर्माण कंपनी का चयन कर लिया है। भवन निर्माण विभाग पटना प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता जगत पासवान ने बताया कि फ्रेजर रोड स्थित शारदा सिक्योरिटी एंड एलायड सर्विसेस को निर्माण की जिम्मेदारी सौंपी गई है। निर्माण कंपनी को इस फेज के तहत होने वाले सभी निर्माण कार्यों को चार महीने में पूरा करना है। दैनिक भास्कर की तरफ से लगातार चलाए जा रहे अभियान के बाद आयुक्त ने निर्माण कार्य को लेकर तेजी लाने के निर्देश दिए थे।
कंट्रोल रूम भी बनेगा
गांधी मैदान में नए निर्माण के तहत सबसे पहले सभी गेटों को तोड़कर नए सिरे से आठ गेट बनाए जाने हैं। इन सभी गेट के साथ सबगेट (पॉकेट गेट) भी बनाए जाएंगे। बड़े गेट 25 फीट चौड़े जबकि छोटे गेट 6-6 फीट चौड़े होंगे। बड़े और छोटे गेट बनाने की स्थिति में फिलहाल गांधी मैदान में बने पाथ-वे को थोड़ा अंदर शिफ्ट किया जाएगा। वहीं, हर गेट के साथ वाच टावर लगाए जाएंगे। वाच टावर के साथ लगा कंट्रोल रूम भी इसी फेज में तैयार होना है।
कोचिंग क्लास के बाद पहुंचे गांधी मैदान को संवारने
मेडिकल की तैयारी कर रहे रोहित कुमार बुधवार को अपनी कोचिंग क्लास खत्म होने के बाद दोस्तों के साथ गांधी मैदान को साफ-सुथरा करने पहुंचे। बोले- गांधी मैदान की सूरत बदलने के लिए दैनिक भास्कर अभियान चला रहा है तो हम युवाओं की जिम्मेदारी बढ़ जाती है। हमें बढ़-चढ़कर हिस्सा लेना चाहिए। हम भास्कर अभियान के साथ हैं। जब भी हमें समय मिलेगा हम यूं ही गांधी मैदान में आएंगे और साफ-सफाई करेंगे। दूसरों को साफ-सफाई के लिए प्रेरित करेंगे।
रोहित और उनके साथियों को देखकर मैदान में घूमने पहुंचे कई और लोग भी साफ-सफाई में जुट गए। देखते-देखते मैदान का एक छोटा हिस्सा साफ हो गया। पास से गुजर रहे एक सज्जन बोले- मैदान में आने वाले सभी लोग ऐसे ही छोटे-छोटे हिस्से की सफाई में जुट जाएं तो हर दिन गांधी मैदान चकाचक नजर आए।