पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Girl Ignore For Marriage Man Burns Her Three Sister In Bihar

शादी से इनकार किया तो सिरफिरे ने तीन बहनों को जिंदा जलाया, 2 की मौत

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
(अस्पताल में भर्ती 10 वर्षीय पुष्पा।)
भागलपुर. शादी से इनकार करने पर एक सिरफिरे इंसान ने लड़की के घर को पेट्रोल छिड़क कर फूंक दिया। इससे लड़की और उसकी एक बहन की जल कर मौत हो गई, जबकि तीसरी बहन की हालत भी गंभीर है। घटना रविवार की रात भागलपुर के बुद्धूचक थाना क्षेत्र के सुब्बा टोली में हुई। आरोपी राजीव यादव 15 वर्षीया आशा से प्रेम करने का दावा करता था। शादी से इनकार से वह बौखलाया हुआ था।

आशा की मां वीणा ने बताया कि राजीव की नजर हमारी जमीन पर थी इसलिए वह मेरी बेटी से शादी करना चाहता था। शाम को उसने तीनों बहनों को धमकी दी थी कि आज रात तुममें से दो जिंदा नहीं बचेंगी। घटना में 15 वर्षीया आशा और 13 वर्षीया लूसी की मौत हो गई।

गंभीर रूप से झुलसी 10 वर्षीया पुष्पा को जवाहर लाल नेहरू अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पांच बहनों में आशा तीसरे नंबर पर थी। दो बड़ी बहनों की शादी हो चुकी थी। आशा को भाई नहीं था। आरोपी युवक आशा का मुंह बोला मामा लगता था। इस घटना में 22 बकरियां और घर की सारी संपत्ति भी जल गई। कहलगांव के एएसपी नीरज सिंह ने बताया कि आग से झुलसी लड़की और उसकी मां का बयान लेने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

घटना के वक्त आरोपी के दादा का श्राद्ध भोज चल रहा था
रविवार की रात ही राजीव के दादा हलधर यादव के श्राद्ध का भोज था। लड़कियों के पिता विमल यादव उसी भोज में गए थे। इसी बीच राजीव पहुंचा और उनके घर में आग लगा दी। लड़कियों की मां वीणा देवी अपनी बीमार मां को देखने कुरसेला मायके गई थीं। उन्होंने राजीव और उसकी बहन लेल्ही पर जिंदा जलाने का आरोप लगाया है। वीणा ने बताया कि उसका पति कोई काम नहीं करता है। दिमाग से भी कमजोर है। पति को श्राद्ध का भोज खाने से मना किया था।