गोपालगंज/पटना। गोपालगंज में एक तांत्रिक से झाड़-फूंक पर विश्वास करने का नतीजा एक परिवार को भुगतना पड़ा। सांप काटने पर महिला को डॉक्टर के पास ले जाने की बजाए परिजन तांत्रिक के पास ले गए जहां उसकी मौत हो गई। घटना जिले के बरौली थाना क्षेत्र के विशेषणपुर गांव की है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि इस गांव की लालसा देवी को रविवार की रात घर में सांप ने काट लिया। परिजन महिला को अस्पताल न ले जाकर बतरदेह और मिर्जापुर के तांत्रिक के पास झाड़-फूंक कराने पहुंच गए। तांत्रिक ने भी परिजनों को ढाढ़स दिलाया किया कि यहां सब ठीक हो जाएगा पर स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ।
इसके बाद परिजन उसे अस्पताल ले गए जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह पहली घटना नहीं है। इसके पहले भी ऐसा होता रहा है। बरौली का यह तांत्रिक लोगों को झांसा दिला कर ठगता रहा है।
स्थानीय लोग भी इसमें विश्वास कर लेते है। बरौली के बतरदेह, मिर्जापुर और महम्मदपुर डुमरिया समेत कई स्थानों पर झाड़ फूंक वर्षों से किया जाता हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि सांप काटने के मामले में तो तांत्रिक अस्पताल तक पहुंच कर झांड-फूंक करते हैं पर उन पर कोई कारवाई नहीं होती है।