पटना। गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी भाजपा की ओर से केंद्र सरकार के खिलाफ होने वाली हुंकार रैली में आएंगे। राज्य के पशुपालन मंत्री गिरिराज सिंह ने आज यह जानकारी दी। अक्टूबर में ऐतिहासिक गांधी मैदान में यह रैली होनी है। नरेंद्र मोदी के बिहार आने को लेकर लंबे समय से द्वंद्व कायम था। जदयू की सहयोगी भाजपा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की नाराजगी को देखते हुए मोदी की बिहार यात्रा टालती रही है। गिरिराज सिंह ने कहा कि नरेंद्र मोदी पार्टी के बड़े नेता तो हैं ही, लोगों के बीच भी उनकी पहचान एक जननेता की है। उन्होंने कहा: हम समझते हैं कि 27 अक्टूबर को होने वाली रैली में नरेंद्र मोदी भी शामिल होंगे। हम इसकी पूरी संभावना देखते हैं।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार बिहार के साथ भेदभाव कर रही है। राज्य के पिछड़ेपन को दूर करने के लिए कमेटी-दर-कमेटी बनाने की घोषणा की जा रही है। इन कमेटियों से बिहार का भला नहीं होने वाला। इसकी जगह वह ठोस रूप में कुछ करे। मजे की बात है कि केंद्र सरकार एक ओर नीतीश कुमार की बिहार को विशेष दर्जे की मांग पर सकारात्मक है तो दूसरी ओर जदयू की सहयोगी भाजपा इसे पूरी तरह खारिज कर रही है। पार्टी के तमाम बड़े नेताओं राजीव प्रताप रूड़ी से लेकर सांसद सैयद शाहनवाज हुसैन तक इसे कांग्रेस की चालबाजी बता चुके हैं।
नीतीश कुमार ने भाजपा को पीएम पद को लेकर दिसंबर तक फैसला कर लेने का एक प्रकार से अल्टीमेटम दिया है। इसके पहले ही भाजपा उन पर प्रहार करने की रणनीति के तहत नरेंद्र मोदी को बिहार बुलाना चाहती है। वैसे भी पार्टी का बड़ा हिस्सा मान रहा है कि देर-सबेर नीतीश कुमार से भाजपा के रिश्ते टूटने वाले हैं।