पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

Photos : पटना में जलजमाव में फंसी रफ्तार...यार धक्का मार

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
(मैकडोवल गोलंबर के पास पानी में बाइक बंद हो गई तो बच्चे ने ठेल कर बाइकसवार को पानी से बाहर निकाला।)
पटना. जम्मू के बाद अब पटना बारिश ने लोगों के हाल-बेहाल कर दिए हैं। हालांकि बारिश के बंद होने के दो दिन बाद भी रविवार को शहरवासी जलजमाव से परेशान हैं। घरों, गलियों, सड़कों पर घुटनों से ऊपर पानी है। हालात यह है कि मैक्डोवेल गोलंबर से सटे मकानों का ग्राउंड फ्लोर डूबा है। चूल्हा-चौका छतों पर चल रहा है। यहां 14 अगस्त को हुई बारिश के बाद भी यही आलम था। 15 दिन में पानी उतरा था। क्या इस बार भी सूरज की कृपा से ही पानी उतरेगा या निगम कुछ करेगा?
सरकार के खिलाफ की नारेबाजी
रामलखन पथ, अशोक नगर, देवेंद्र लेन, संजय नगर, भोजपुर कॉलोनी, नवरत्नपुर और विग्रहपुर के लोग सड़क पर उतर गए। जलजमाव से आजिज लोगों ने करीब दो घंटे तक बाइपास जाम कर निगम और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान जगनपुरा से मीठापुर बस स्टैंड तक जाम लग गया। रामकृष्णा नगर और कंकड़बाग पुलिस के समझाने के बाद लोग शांत हुए।
अशोकनगर देवेंद्र लेन में रहने वाले विवेक वर्मा ने बताया कि दो दिनों से घर में पानी घुसा है। न बच्चों की पढ़ाई हो रही है और न ही ठीक से सो पा रहे हैं। पिंटू कुमार और राणा रंजीत कुमार ने कहा कि रामलखन पथ में 24 घंटे से पंपिंग मशीन लगी है पर पानी नहीं निकल पा रहा है।
राजेंद्रनगर में पानी घटा, कंकड़बाग में नहीं
राजेंद्रनगर और दिनकर गोलंबर के आसपास के मोहल्लों के घरों में पानी थोड़ा घटा है। पर कंकड़बाग की मुख्य सड़कों को छोड़ कर अधिकतर मोहल्लों में स्थिति वैसी ही है। हालांकि जलनिकासी के लिए संप हाउस लगातार चलाए जा रहे हैं। कई इलाकों में पंपिंग सेट से पानी निकाला जा रहा है। नगर आयुक्त कुलदीप नारायण ने कहा है कि बारिश नहीं हो तो सोमवार को राजेंद्रनगर की अधिकतर सड़कों से पानी पूरी तरह निकल जाएगा।
जस्टिस वीएन सिन्हा ने लिया जायजा
हाईकोर्ट के जस्टिस वीएन सिन्हा ने रविवार को जलजमाव का जायजा लिया। वे संप हाउसों पर भी गए। उनके आने की खबर न तो निगम पदाधिकारियों को थी और न ही मीडिया को। उन्होंने बिना किसी को बताए साधारण गाड़ी से राजेंद्रनगर, कंकड़बाग और हनुमान नगर के जलजमाव वाले क्षेत्रों का जायजा लिया।
संप हाउसों पर डटे रहे निगम अधिकारी
जलनिकासी की स्थिति का जायजा नगर आयुक्त कुलदीप नारायण ने भी लिया। उपनगर आयुक्त राजीव रंजन, बिहार राज्य जल पर्षद, कार्य प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता मुनीष चंद्र झा, बांकीपुर अंचल के कार्यपालक पदाधिकारी शैलेश कुमार और नगर विकास एवं आवास विभाग के ओएसडी लगातार सैदपुर संप हाउस पर डटे रहे।
प्रबंधन समझने लंदन जाएंगे सम्राट
नगर विकास मंत्री सम्राट चौधरी अब चार अक्टूबर को लंदन के आठ दिवसीय दौरे पर जाएंगे। उनके साथ जाने वाले प्रतिनिधिमंडल में विभागीय सचिव संदीप पौंडरिक, संयुक्त सचिव जय सिंह और बुडको के प्रबंध निदेशक डीके शुक्ला भी हैं। प्रतिनिधिमंडल लंदन की शहरी यातायात व्यवस्था, कचरा प्रबंधन, सीवरेज का प्रबंधन आदि योजनाओं का अध्ययन करेगा। लंदन की सीवरेज व्यवस्था विश्व की सबसे पुरानी सीवरेज हैै। प्रतिनिधिमंडल 12 अक्टूबर को वापस लौटेगा। पहले यह दौरा 22 अगस्त से 31 अगस्त तक प्रस्तावित था, लेकिन राजधानी में भारी बारिश के कारण रद्द करना पड़ा था। उल्लेखनीय है कि राज्य में चल रही स्पोर्ट प्रोग्राम फॉर अरबन रीफार्म योजना के तहत यह दौरा प्रस्तावित है।
भास्कर लाइव : घर में कमरभर पानी, एक ही पलंग पर सिमटा परिवार
घर में कमर भर पानी। बैठने की भी जगह नहीं। घर में ताला लगा किसी ने रिश्तेदार के यहां शरण ली है तो कई घर की छत पर रह रहे हैं। चौकी पर किचन रूम तो एक ही पलंग पर पूरा परिवार सिमट गया है। दो दिनों से न घर में सब्जी आ रही है न बच्चों के लिए दूध। मजबूरी में बच्चों को पाउडर का दूध पिलाया जा रहा है। हरी सब्जी की जगह और आलू का चोखा बन रहा है। यह हाल है राजेंद्र नगर रोड नंबर-6 और 12 का। यहां ग्राउंड फ्लोर में रहने वाले अधिकतर लोग उसी मकान में दूसरे के यहां शिफ्ट कर गए या घर में ताला लगाकर अपने रिश्तेदार के यहां चले गए हैं।
आगे की स्लाइड्स में देखें तस्वीरें...