पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

पूरे पटना में भरा घुटनों तक पानी, कोई खींच रहा सेल्फी तो कोई उपछ रहा पानी

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
पटना. शुक्रवार शाम हुई दो घंटे की बारिश में जलनिकासी के नगर निगम के सारे दावे डूब गए। 24 घंटे बाद भी शनिवार शाम को कई मुहल्लों में कमर तक पानी जमा था। पिछले 24 घंटे में 92.6 मिमी बारिश हुई। इससे राजेंद्र नगर, कदमकुआं, जक्कनपुर, इंदिरा नगर, अशोक नगर में सैकड़ों घरों में पानी घुस गया। आलम यह रहा कि अस्पताल, पावर हाउस लबालब हो गए। शहर में बिजली भी बाधित रही। मेंटेनेंस के लिए 4 घंटे तक कट लगा। कई जगह रेल पटरियां भी पानी में डूबी रहीं। राजधानी समेत दर्जनभर ट्रेनें छह घंटे तक देरी से रवाना हो पाईं।
...तो निगम ने 20 दिन में किया क्या?
14 अगस्त को हुई बारिश में पटना डूब गया था। हाईकोर्ट की कड़ी फटकार के बाद 15 दिन में नगर निगम किसी तरह पानी निकाल पाया। नालों की सफाई के दावे किए। लेकिन 20 दिन बाद हाल जस के तस हैं।
मौसम विभाग के अनुसार रविवार को भी बारिश हो सकती है। सोमवार से मौसम साफ हाेने की उम्मीद है।
राजेंद्र नगर में गलियां लबालब, घराें में घुटने तक पानी
इतना पानी! उपछते हैं, फिर थककर बैठ जाते हैं...
दैनिक भास्कर की टीम ने शनिवार को राजेंद्र नगर से कंकड़बाग तक जलजमाव का जायजा लिया। यहां गलियां तो लबालब हैं ही, घरों में भी पांच से सात इंच तक पानी जमा है।
पूर्वी अशोक नगर रोड नंबर 13 ए : मकान नंबर 18 दोनों ओर पानी से घिरा है। घर के सामने गेट के बाहर घुटना भर पानी है, तो अंदर कमरों में पांच से सात इंच पानी है। 24 घंटे से बच्चे पलंग पर हैं। फ्रीज, वाशिंग मशीन, ड्रेसिंग टेबल, पलंग सब पानी में हैं। कुसुम देवी हार्ट की मरीज हैं। गंदे पानी से बेटे मां के लिए चिंतित हैं। उन्होंने कहा- घर में खाना भी ठीक से नहीं बन पा रहा है। जो खाते हैं, वह हजम नहीं होता। वहीं, प्रमोद कुमार ने कहा कि आज तक कभी इतना पानी घर में नहीं घुसा था।
पानी की वजह से कोई काम नहीं हो पा रहा है। कंकड़बाग, वीकर सेक्शन, ब्लॉक-16 : आठ इंच पानी लगा है। मां आशा और उनके दो बेटे-बेटियां बारी-बारी से पानी उपछते हैं, लेकिन पानी कम होने का नाम नहीं ले रहा। थक कर सब पलंग पर बैठ गए हैं। आरती और प्रीति की बूढ़ी दादी बीमार हैं। चौकी पर शुक्रवार से पड़ी हैं। जमीन पर नहीं उतर सकतीं। बाथरूम का कमरे में बह रहा है। पूरा घर जलमग्न है। आशा ने कहा- कुछ दिनों पहले ही पानी हटा था कि एक बार फिर घर पानी-पानी हो गया। पार्षद को शिकायत करते-करते थक गई हूं। नाला उड़ाही नहीं कराई गई। अगर नाला उड़ाही होती तो आज यह स्थिति नहीं बनती। नरक में हमलोगों को नहीं रहना पड़ता। रात में सोते हैं, तो डर लगता है कि कहीं सांप-बिच्छू न काट लें।
घर से बाहर निकलना दुश्वार
सिटी के मंगल तालाब मैदान जाने के रास्ते में घुटने भर पानी है। स्लम बस्तियों के लोगों को घर से निकला मुश्किल है। गंदा पानी जमा होने से बीमारी फैलने की आशंका है। जंगली प्रसाद लेन, बोरी दास की भट्‌टी, नून का चौराहा, लोदी कटरा, सदर गली, जेठुआ पासी, आरपीएम कॉलेज जाने का रास्ता पूरी से पानी से भरा हुआ है। सिटी स्कूल मैदान व बेगमपुर रघुनाथ हिंदू स्कूल की स्थिति नारकीय बनी हुई है।
खुद पानी में फंसे नगर अायुक्त, बोले- आज से बेहतर हो जाएंगे हालात
नगर आयुक्त कुलदीप नारायण ने कहा, राजेंद्र नगर इलाके से तेजी से पानी निकाला जा रहा है। राजेंद्र नगर और नाला रोड का पानी सैदपुर संप हाउस से निकाला जा रहा है। कंकड़बाग इलाके के मुख्य सड़कों से पूरी तरह जलनिकासी हो गई है। जहां लो लैंड एरिया है, वहां पानी निकासी के लिए पंपिंग सेट चलाए जा रहे हैं। रविवार तक जलजमाव की स्थिति में काफी बदलाव दिखेगा।
इन मोहल्लों में जलजमाव
राजेंद्र नगर मैक्डोवेल गोलंबर, राजेंद्र नगर रोड नंबर 12, राजेंद्र नगर रोड नंबर एक से छह तक, कदमकुआं, बाजार समिति, कुनकुन सिंह लेन, किदवईपुरी, श्रीकृष्णानगर, जक्कनपुर, जक्कनपुर डीवीसी कॉलोनी, मीठापुर, टीपीएस कॉलेज के पास, पोस्टलपार्क, इंदिरा नगर, पूर्वी इंदिरा नगर, अशोक नगर, संजय नगर, पूर्वी अशोक नगर, सम्राट कॉलोनी, नौरत्नपुर, चांगर, आरएमएस कॉलोनी, रामलखन पथ, भोजपुर कॉलोनी, रामकृष्णा नगर, जगनपुरा, पुलिस कॉलोनी, सरिस्ताबाद, हनुमान नगर, एमआईजी, एलआईजी, रेंटल फ्लैट, वीकर सेक्शन में जलजमाव है। यहां के घरों में भी पानी घुसा है।
आगे की स्लाइड्स में देखें तस्वीरें...