बेगूसराय। बेगूसराय के तीन बड़े चिकित्सकों के ठिकानों पर आयकर की टीम द्वारा मंगलवार की सुबह से जारी छापेमारी बुधवार को भी जारी रही। आयकर की इंन्वेसटीगेसन टीम ने एक साथ हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ नलीनी रंजन सिंह, सर्जन डॉ रामाश्रय सिंह और डॉ रामयतन सिंह के क्लिनिक और आवास पर धावा बोला, जहाँ से लगभग दो करोड़ से अधिक नगद के साथ करोड़ो के चल-अचल संपत्ति का खुलासा हुआ है।
टीम ने कई लॉकर, जमीन के कागजात और जेवरात भी जब्त किए हैं। आयकर अधिकारी ने बताया की जबतक जांच प्रक्रिया समाप्त नहीं हो जाती कुछ भी नहीं कहा जा सकता। दोपहर बाद आयकर की टीम एसबीआई मेन ब्रांच पहुंचकर भी कई खातों के संबंध में जानकारी ली है। बताया जाता है कि आयकर अधिकारियों ने जब्त की गयी राशि बैंक में जमा करा दी है।
छापेमारी होती रही और परेशान रहे मरीज
दो दिनो से चिकित्सक के यहां हो रही छापेमारी का असर मरीजों पर भी देखा गया। तीनों चिकित्सक बेगूसराय के चर्चित और सैकड़ो मरीज को रोजाना देखने वाले चिकित्सक की श्रेणी में आते हैं।
वैसे तो छापेमारी के बाद से ना तो नये मरीज डाक्टर द्वारा देखे गये और ना ही भर्ती किये गये हैं लेकिन पहले से भर्ती मरीजों का दुख बढ़ गया है। छापेमारी के कारण डाक्टर साहब के पास उनके लिए समय कम है जबकि कंपाउंडर मजमा लगा कर गॉसिप में व्यस्त हैं।
खोज होती रही विजय नामक व्यक्ति की
आयकर की टीम वैसे तो उन सभी व्यक्तियों को दो दिन ढ़ूढ़ती रही जिनके नाम डाक्टरों के बही खाते से मिले लेकिन सबसे बेसब्री से आयकर की टीम दो दिनों तक विजय नामक शख्स को खोजती रही। सूत्र बताते हैं कि उक्त कथित विजय ही तीनों डाक्टर साहब के खातों का लेखा जोखा रखता है।