पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • JD U MLA Raju Kumar Singh Will Form Private Army

जदयू विधायक अपराधियों से लोहा लेने को बनाएंगे प्राइवेट आर्मी

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

पटना। बिहार के सत्ताधारी जदयू के विधायक राजू कुमार सिंह अपराधियों-नक्सलियों से निबटने के लिए आर्मी बनाएंगे। उनका कहना है कि हालत ऐसे बन गये हैं कि हथियारों के साथ अपराधियों को मुंहतोड़ जवाब देने के अलावा कोई रास्ता नहीं बचा है। पुलिस का अपराधियों के साथ सांठगांठ बना रहता है।


जदयू विधायक सिंह की यह नाराजगी उनके प्रतिनिधि भोला सिंह की हत्या के बाद सामने आयी है। नक्सलियों ने भोला सिंह की हत्या की जिम्मेदारी ली है और एसपी ने संबंधित थाना प्रभारी को लाइन हाजिर कर दिया। पर विधायक का कहना है कि अपराधी नक्सलियों के नाम पर हिंसा फैला रहे हैं। पुलिस की भूमिका संदेहों से परे नहीं है। नक्सली कार्रवाई के विरोध में जदयू विधायक ने आज साहेबगंज बंद बुलाया है।


मुजफ्फरपुर के जदयू विधायक राजू कुमार सिंह के प्रतिनिधि भोला सिंह की हत्या शुक्रवार की शाम देवरिया थाना क्षेत्र के विशुनपुर सैरया चौक पर सरेशाम एके 47 से कर दी गयी थी। मौके पर ही भोला सिंह की मौत हो गयी थी। हत्या के बाद हथियारबंद नक्सली जिंदाबाद के नारे लगाते हुए निकल गये। हत्या की जिम्मेदारी उत्तर बिहार पश्चिमी जोनल कमेटी ने ली है।


अब विधायक का कहना है कि अपराधी लगातार उनके इलाके में हिंसक घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। पुलिस की भूमिका अपराधियों के साथ मिलीभगत की रही है। ऐसे में उन्हें खुद हथियार उठाना पड़ेगा। वह यहां तक कह गये कि अपराधियों-नक्सलियों से निबटने के लिए उन्हें सेना बनानी पड़ेगी। विधायक जिस तरह कुपित हैं, उससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि आम आदमी को पुलिस-प्रशासन से कितनी मदद मिल पा रही है। मालूम हो कि नक्सलियों से निबटने के लिए बिहार में दबंग-सामंती शक्तियां प्राइवेट आर्मी बनाती रही हैं।