पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

सत्ता संग्राम: जब तक सरकार नहीं बनती तब तक विपक्ष में बैठेगा जदयू

6 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
पटना. जदयू विधानसभा में विपक्ष में बैठेगा। स्पीकर ने कहा कि जदयू ने विपक्ष में बैठने के लिए सीट देने का आग्रह किया था। हमने मांग स्वीकार कर ली है। जदयू का कहना है कि मांझी सरकार से उसका वास्ता नहीं है। जदयू विधानमंडल दल के नेता नीतीश हैं और मांझी को पार्टी ने निकाल दिया है। ऐसे में इस सरकार से जदयू का कोई लेना-देना नहीं है। नीतीश ने राज्यपाल से मिलकर सरकार बनाने का दावा पेश किया है। जब तक सरकार नहीं बन जाती तब तक जदयू विपक्ष में बैठेगा।
16 को बहुमत साबित करने के लिए बुलाया जा सकता है विशेष सत्र!
सीएम की कुर्सी की लड़ाई का नतीजा 16 फरवरी को तय होने के आसार हैं। सूत्रों के अनुसार मांझी को बहुमत साबित करने के लिए विशेष सत्र बुलाया जा सकता है। मांझी व नीतीश राज्यपाल के सामने बहुमत का दावा पेश कर चुके हैं। 20 से बजट सत्र शुरू है। नीतीश ने राज्यपाल से कहा था कि आप किस सरकार का अभिभाषण पढ़ेंगे, सत्र से पहले तय होना चाहिए। ऐसे में 16 को विशेष सत्र बुलाने की संभावना है।
मांझी ने मंत्रियों में बांटे विभाग
मुख्यमंत्री मांझी ने मंगलवार को आठ मंत्रियों को विभिन्न विभागों का अतिरिक्त प्रभार सौंपा। सीएम ने वित्त, वाणिज्य कर, स्वास्थ्य, जल संसाधन और भवन निर्माण जैसे महत्वपूर्ण विभाग अपने पास रखा है। कृषि मंत्री नरेन्द्र सिंह को खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण, शिक्षा मंत्री वृशिण पटेल को संसदीय कार्य का अतिरिक्त प्रभार दिया है। भीम सिंह पथ और ग्रामीण कार्य, नीतीश मिश्रा राजस्व व भूमि सुधार विभाग के अतिरिक्त प्रभार में रहेंगे।