फाइल फोटो: पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार।
पटना. जदयू नेता नीतीश कुमार ने कहा कि बिहार में महागठबंधन बनाने के मकसद को जदयू के कार्यकर्ता समझने का प्रयास करें। बिहार में जदयू का राजद और कांग्रेस के साथ समझौता है। यही सच्चाई है। विधानसभा चुनाव के लिए समय कम है। कार्यकर्ता जनता के बीच अधिक से अधिक समय बिताएं। नीतीश बुधवार को जदयू की राज्य सलाहकार परिषद की पहली बैठक को संबोधित कर रहे थे। बैठक से पहले उन्हें युवा जदयू की कार्यकारिणी के गठन में गड़बड़ी को लेकर कार्यकर्ताओं का विरोध झेलना पड़ा, वहीं बैठक के दौरान भी कई कार्यकर्ताओं ने राज्य में अफसरशाही और भाजपा के साथ संबंध तोड़ने को लेकर नाराजगी जताई।
पूरे तीन घंटा 10 मिनट चली बैठक में नीतीश और प्रदेश अध्यक्ष वशिष्ठ नारायण सिंह के साथ 22 कार्यकर्ताओं को ही बोलने का मौका मिला। नीतीश ने कहा कि भाजपा
लव जिहाद, धारा 370 और यूनिफार्म सिविल कोड जैसे मुद्दों के माध्यम से विभाजनकारी वातावरण बनाने में जुट गई है। इसी तरह का माहौल उसने लोकसभा चुनाव में बनाया था। इसी खतरे को भांप कर हमने राजद और जदयू से हाथ मिलाया। कार्यकर्ता महागठबंधन के मकसद को समझें।