पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Jitan Manjhi Ask For 50 Percent Reservation In Patna

मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी बोले- हमें 50 नहीं 80% आरक्षण चाहिए

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
रक्सौल/पटना. मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी ने 80 प्रतिशत आरक्षण की वकालत की है। कहा-हम 50 प्रतिशत का आरक्षण का बैरियर तोड़ने के लिए दिल्ली में सांसदों के साथ बैठक करेंगे। केंद्र सरकार से बात करेंगे। इसके लिए संविधान संशोधन कराने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। मेरी मंशा अनुसूचित जाति/जनजाति, पिछड़े, अत्यंत पिछड़े, अल्पसंख्यक एवं समाज की दौड़ में पिछड़ गए लोगों को आगे बढ़ाने की है।
वे गुरुवार को रक्सौल के आदापुर वंशीधर उच्च विद्यालय में बिरसा अंबेडकर कल्याण समिति द्वारा आयोजित अभिनंदन समारोह में बोल रहे थे। कहा-हम दुसाध/पासवान जाति के लोगों को चौकीदार पद पर बहाल करना चाहते हैं। उनको 50% आरक्षण मिलेगा। दलित और महादलित अलग नहीं हैं। उन्होंने कहा कि बिहार के 11 करोड़ लोगों में से 8 करोड़ बीपीएल हैं। हम बोलते हैं तो लोग कहते हैं, भरमाता है लेकिन जिसके लिए कहते हैं वो समझता है। देश 1947 में आजाद हुआ।
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने हम सबको राजनीतिक आजादी तो दिला दी, मगर हमें सामाजिक, आर्थिक एवं शैक्षणिक आजादी प्राप्त करनी है। इसके बिना आजादी अधूरी है। और इसी के लिए 80 प्रतिशत आरक्षण की दरकार है। बाबा साहब डा.भीमराव अंबेडकर ने देश को संविधान दिया। आज गांधी होते तो रोते,उनकी आत्मा तड़पती, क्योंकि आज भी देशवासी आर्थिक, सामाजिक, शैक्षणिक आजादी को तड़प रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार पर निशाना साधा। बोले-वो कहते हैं कि कुर्ता-पायजामा के साथ टोपी भी पहना दो। वो बिहार को आगे नहीं बढ़ने देना चाहते हैं। आरक्षण खत्म करना चाहते हैं। धर्मों को खत्म कर एक धर्म बनाना चाहते हैं। ईसाइयों और मुस्लिमों को हिंदू बनाया जा रहा है। ऐसा नहीं होने दिया जाएगा। मांझी के मुताबिक यह बुलेट नहीं बैलेट का जमाना है। वोटर बनो, वोट की ताकत पहचानो। बूथ मिल गया तो समझो, विकास हो गया।
विकास की रोशनी घर-घर पहुंचाएंगे। महिलाओं के सम्मान के लिए त्रि-स्तरीय निकाय चुनाव में पचास प्रतिशत का आरक्षण दिया। उनके लिए शिक्षक नियुक्ति में भी पचास प्रतिशत आरक्षण है। पुलिस की बहाली में उनको 35 प्रतिशत का आरक्षण दिया गया है। हम विशेष राज्य का दर्जा लेकर रहेंगे। इस समारोह को मंत्री शाहिद अली खान, रमई राम आदि ने भी संबोधित किया।