(पश्चिमी इंदिरा नगर : वार्ड नंबर 31)
पटना. कंकड़बाग अंचल में हर साल सबसे अधिक जलजमाव होता है। यहां के कुछ इलाकों में नाले ही नहीं बने हैं। जो नाले बनाए भी गए हैं, उन्हें मुख्य नाले से कनेक्ट नहीं किया गया है। मैनहोल जाम रहता है। कई जगह तो मुख्य नाला भी टूटा हुआ है। सड़कें भी टूटी हैं। यही वजह है कि हल्की बारिश में भी जलजमाव हो जाता है। यहां के सभी वार्ड पार्षद कोर्ट के आदेश पर अपने वार्ड की रिपोर्ट तैयार कर चुके हैं। कई ने तो रिपोर्ट नगर आयुक्त को भी भेज दी है। अधिकतर पार्षद स्वीकारते हैं कि नालों की उड़ाही ठीक से नहीं होने से जलजमाव झेलना पड़ता है। शनिवार को भास्कर की टीम ने कई वार्ड का दौरा किया। देखिए कहां क्या हाल है...।
वार्ड नंबर 28: एग्जीबिशन रोड में बारिश का पानी
एग्जीबिशन रोड में बारिश का पानी जमा है। गोरिया टोली के पास कचरा पसरा है। स्टेशन रोड में कंस्ट्रक्शन का काम होने से सड़क पर किचकिच है। हालांकि इस वार्ड में अभी जलजमाव की स्थिति नहीं है। पार्षद विनय कुमार पप्पू ने बताया कि ड्रेनेज सिस्टम दुरुस्त नहीं होने से स्टेशन रोड, जमाल रोड, एग्जीबिशन रोड और एसपी वर्मा रोड में हल्की बारिश में भी पानी भर जाता है। पैसे हाेने के बावजूद नाले नहीं बनाए गए। बाकरगंज नाले की उड़ाही ठीक से करने की जरूरत है। यहां की दिव्या भारती कहती हैं- बारिश के दिनों में जंक्शन गोलंबर से गोरिया टोली तक जलजमाव आम बात है।
वार्ड नंबर 30: मुख्य नाला भरा हुआ सड़क पर भी पानी
मुख्य नाला भरा हुआ है। संजय नगर मेन रोड पर टूटी सड़क में पानी जमा है। संजय नगर रोड नंबर पांच में नाले का पानी भरा है। सिपारा मठखान और इंद्रपुरी के मोहल्लों में जहां-तहां पानी भरा है। पार्षद रेखा देवी ने कहा कि यहां के अधिकतर मोहल्लों में नाले नहीं बने हैं। जहां नाला है, उसकी उड़ाही ठीक से नहीं हुई है। भूपतिपुर मेन रोड, विग्रहपुर, सिपारा मठखान, इंद्रपुरी सिपारा, संजय नगर रोड नंबर पांच रामकृष्णा नगर, लालू पथ, घाना कॉलोनी में अब भी जहां-तहां पानी जमा है। स्थानीय प्रमोद कुमार केसरी ने कहा कि सड़क पर नाले का पानी बहता है। इसे मुख्य नाले से कनेक्ट नहीं किया गया है।
वार्ड नंबर 31: इंदिरानगर मेन रोड का नाला जाम
पोस्टल पार्क इंदिरा नगर मेन रोड का नाला जाम है। रामलखन पथ मुख्य सड़क पर पानी है। विनोबा नगर में पानी निकासी की कोई व्यवस्था नहीं है। छोटे नाले को मुख्य नाले से कनेक्ट नहीं किया गया है। पार्षद पिंकी यादव ने बताया कि नौरत्नपुर में नाला नहीं बना है। अब भी घर के अागे पानी जमा है। अशोक नगर रोड नंबर वन-के में नाले का पानी जमा है। पोस्टल पार्क, बिनोवा नगर, अशोक नगर, जवाहर कॉलोनी में जलजमाव की अधिक समस्या होती है। स्थानीय दीपक कुमार कहते हैं- पश्चिमी इंदिरा नगर रोड नंबर दो में एक महीना बाद भी पानी नहीं निकला है। सड़ा पानी सड़क पर जमा है।
वार्ड नंबर 32: नाला उड़ाही व कचरे का उठाव नहीं हुआ
बारिश का पानी सड़क पर जमा है। हालांकि अन्य मोहल्लों में जलजमाव न के बराबर है। कूड़े का उठाव नहीं किया गया है। पार्षद तोता चौधरी ने कहा कि हमारे वार्ड में जलजमाव सबसे अधिक होता है। क्योंकि, नाले की उड़ाही नहीं हुई है। जीरो प्वाइंट सुलभ शौचालय से योगीपुर संप हाउस तक बड़े नाले की उड़ाही नहीं की गई। देना बैंक से डोमखाना तक उड़ाही नहीं हुई। कैलाश वस्त्रालय से मछली बाजार तक नाला जामा है। यहां के रघुनाथ सिंह कहते हैं- पूर्वी इंदिरा नगर आरएमएस कॉलोनी मेन रोड में नाले की उड़ाही नहीं हुई है। बरसात में पानी भर जाता है। अभी स्थिति ठीक है।
आगे की स्लाइड में पढ़ें अन्य वार्डों का हाल