मधेपुरा/ पटना. बिहार के मधेपुरा जिले में अपहरण कर जबरन शादी करने का एक मामला सामने आया है। इस मामले की सूचना मिलने पर पुलिस अपने साथ लड़के को थाना ले आई है। लड़का सानू अपने एक मित्र के साथ सहरसा जाने के लिए निकला था। वो अभी मधेपुरा के नवटोलिया के पास पहुंचा ही था कि कुछ दबंगों ने उसे अगवा कर लिया। इसके बाद उसकी जबरन शादी करा दी।
पुलिस ने बताया कि सिंहेश्वर प्रखंड के डंडारी निवासी सानू मधेपुरा के नवटोलिया निवासी प्रेम कुमार के साथ रुड़की जाने के लिए मोटरसाइकिल से सहरसा जाने के लिए निकला था। वो अभी अपने गांव से कुछ दूर ही पहुंचे था कि पहले से खड़े दुबही गांव के राजेंद्र यादव के लोगों ने सानू का अपहरण कर लिया।
इसके बाद उसे सौर बाजार (सहरसा) प्रखंड की सहुरिया पंचायत के दुबही गांव के राजेंद्र यादव की लड़की से उसकी शादी करा दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और सानू को सदर थाना ले आई। सानू सेना में क्लर्क के पद पर तैनात है।