पटना. विधानसभा में विपक्ष के नेता नन्दकिशोर यादव ने कहा कि जदयू में आग नीतीश कुमार ने लालू प्रसाद के साथ मिलकर लगाई है और आरोप भाजपा पर लगा रहे हैं। नीतीश जदयू का आंतरिक लोकतंत्र खत्म कर चुके हैं।
लालू से हाथ मिलाने पर जदयू में विद्रोह की आग लगी हुई थी जो महादलित सीएम को अपमानित कर नीतीश के खुद सीएम बनने की साजिश से और भड़क गई है। बिहार में राजद के समर्थन से चल रही जदयू सरकार की अंदरूनी उठापटक ने सबकुछ ठप कर रखा है। जदयू-राजद सुप्रीमो की तानाशाही का खामियाजा बिहार की बर्बादी के रूप में सामने आ रहा है। ठीकरा भाजपा पर फोड़ रहे हैं।
पटना में निवेश की संभावनाओं को तलाशने के लिए ग्लोबल मीट चल रहा है, लेकिन जदयू के तमाम नेता मंत्री, मुख्यमंत्री बनने की संभावनाएं तलाशने में जुटे हैं। पालीगंज में सोन नदी का बांध टूटने से किसानों के खेतों में पानी घुस आया है, सैकड़ों एकड़ रबी की फसल बर्बाद हो गई है, भारी तबाही हुई है, लेकिन सत्तापक्ष अपनी ही बर्बादी को संभालने में व्यस्त हैं।