पटना. भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मंगल पांडेय ने कहा कि प्रधानमंत्री
नरेंद्र मोदी पूरे देश के विकास के बारे में सोचते हैं। यही वजह है कि अपनी सरकार के 100 दिनों के कार्यकाल में उन्होंने बिहार के आर्थिक विकास को नई दिशा दी। भाजपा अध्यक्ष ने शुक्रवार को कहा कि प्रधानमंत्री हर घटना पर पैनी नजर रखते हैं। लेकिन, जानकारी के अभाव व पूर्वाग्रह के कारण मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी की सोच का दायरा सीमित है। गुजरात नमो की जन्मभूमि है, उससे प्रेम क्या अपराध है?
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि नमो तो गुजरात प्रदेश की भी सोचते हैं, लेकिन मांझी की नजर में बिहार का मतलब सिर्फ गया जिला है। उसमें भी महकार गांव। गुरुवार को ही महकार में पीसीसी रोड की आधारशिला रखने जैसे कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पहुंचे, लेकिन इस कार्यक्रम में विभागीय मंत्री की अनदेखी कर दी गई। नमो विदेश से भारत के संबंध को मजबूत करने के लिए 100 दिनों के अपने प्रधानमंत्रित्व काल में आधा दर्जन देशों की यात्रा कर चुके हैं।
चीनी राष्ट्रपति की भारत यात्रा से पूरा देश उत्साहित है। मुख्यमंत्री को भले ही यह यात्रा उत्साहजनक न लगे, लेकिन उन्हें मालूम होना चाहिए कि पटना से दिल्ली वाया वाराणसी होकर दौड़ने वाली बुलेट ट्रेन चीन के सहयोग से ही प्रस्तावित है। क्या प्रधानमंत्री का पटना से बुलेट ट्रेन चलाने की योजना पर मुख्यमंत्री को आपत्ति है? क्या इससे बिहार को नुकसान होगा? बाढ़ में 660 मेगावाट की यूनिट का शीघ्र होने वाला उद्घाटन प्रधानमंत्री की बिहार के प्रति सकारात्मक सोच का ज्वलंत उदाहरण है।
(फोटो- भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मंगल पांडेय)