रांची. झारखंड में मंत्रिमंडल विस्तार की संभावन फिर से टल गई है। सूत्रों के अनुसार अब शिवरात्रि के दिन मंत्रिमंडल का विस्तार किया जा सकता है। 15 फरवरी को मुख्यमंत्री रघुवर दास दिल्ली जा रहे हैं। वह केंद्रीय मंत्रियों से विचार विमर्श करेंगे।
भाजपा में शामिल होने वाले दो विधायक बन सकते हैं मंत्री
झाविमो के छह विधायकों का भाजपा में शामिल के कारण मंत्रिमंडल विस्तार में देर हो रही है। इन विधायकों में से दो विधायकों को मंत्रिमंडल में शामिल किया जा सकता है। इसमें नवीन जायसवाल का मंत्री बनना तय माना जा रहा है। दूसरा कौन मंत्री बनेगा, इसपर पार्टी के अंदर विचार-विमर्श के बाद फैसला लिया जाएगा।
झाविमो के विधायकों को मंत्री बनाए जाने का असर भाजपा कोटे से मंत्री बनाए जानेवाले दावेदारों पर पड़ सकता है। अब नए सिरे से सामाजिक समीकरण और क्षेत्रीय संतुलन को ध्यान में रखकर मंत्रिमंडल पर फैसला होगा। इस कारण भाजपा कोटे से मंत्री पद के दावेदारों में से कुछ के चेहरे बदल सकते हैं।