पटना. ड्रोन का इस्तेमाल सेना, पुलिस और नक्सलियों से लोहा लेने वाले स्पेशल फोर्स के जवान करते हैं। समय के साथ ड्रोन की तकनीक में सुधार आया है और यह सस्ता भी हुआ है। जिसके कारण अब इसका यूज फोटोग्राफी और विज्ञापन में भी होने लगा है।
पटना के डाकबंगला चौराहे के पास स्थित हरनिवास कॉम्प्लेक्स के बाहर लोगों को इसी बात का उदाहरण देखने को मिला।
मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक समानों के इस बाजार में लोगों के बीच एक कंपनी ने अपने मोबाइल फोन का विज्ञापन बड़े ही अनोखे ढंग से किया।
पटना में पहली बार किसी सामान के विज्ञापन के लिए ड्रोन का इस्तेमाल किया गया। रोमांच से भरपूर इस प्रचार के देखने के लिए लोगों की भारी भीड़ इकट्ठा हो गई। एक ड्रोन से मोबाइल को बांधा गया था और उसे लोगों के सिर के करीब 10 फीट की ऊंचाई पर उड़ाया गया। इस दृश्य को देखने वाले लोग अपने मोबाइल फोन के कैमरे में कैद कर रहे थे। यह प्रचार करीब एक घंटे तक चला और इस दौरान रोड तक जाम हो गया।
दशहरा में शहर की सुरक्षा के लिए उड़ाया गया था ड्रोन
पटना में अब तक ड्रोन का इस्तेमाल सुरक्षा के लिए किया जाता रहा है। पिछले साल दशहरा में ड्रोन के माध्यम से शहर की सुरक्षा संबंधी गतिविधियों पर नजर रखी गई थी। इसके बाद 26 जनवरी को भी गांधी मैदान के आस-पास ड्रोन से सुरक्षा की निगरानी की गई थी।