फाइल फोटो: मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी की
पटना. अपने बयानों को लेकर चर्चा में रहने वाले बिहार के मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी एक बार फिर से चर्चा में हैं। मांझी झारखंड की जनता से चुनाव में मायावी जाल में नहीं फंसने की अपील करते हुए कहा है कि गरीबों के मसीहा
नरेंद्र मोदी नहीं, बल्कि नीतीश कुमार और लालू प्रसाद हैं। हिंदुस्तान में भगवा राज्य चाहने वालों को जनता कभी माफ नहीं करेगी़ मांझी ने भाजपा पर चुटकी लेते हुए कहा है कि मोदी अगर चाय बेचनेवाले हैं तो हम चूहा मारने वाले हैं।
मांझी धनबाद के बाघमारा विधानसभा के माटीगढ़ा में अपने प्रत्याशी जलेश्वर महतो के पक्ष में चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे। मांझी ने कहा भूईयां को मुख्यमंत्री व पासी को विधानसभा अध्यक्ष बना कर नीतीश कुमार ने साबित कर दिया कि उनकी पार्टी सामाजिक न्याय में विश्वास करती है।
जहां दलित, महादलित, पिछड़े सहित सभी तबकों की इज्जत है़ हम आंबेडकर, गांधी, पटेल, बिरसा मुंडा के सच्चे अनुयायी हैं और इन महापुरुषों के सपनों का भारत बनाने में लगे हैं। उन्होंने कहा कि हम बिहार वंचित वर्गो को शिक्षा से जोड़ रहे हैं।