कैमूर/पटना. बिहार के मुख्यमंत्री
नीतीश कुमार कैमूर जिले के मोहनिया पहुंच चुके हैं। नीतीश कुमार के सामने ही छात्र समागम के कार्यकर्ताओं ने धक्का-मुक्की भी की है। इस दौरान कई नेताओं के साथ नीतीश कुमार मंच पर मौजूद थे। कार्यकर्ताओं ने बैरकेडिंग तोड़ दी। यहां वे जदयू के संकल्प रैली में हिस्सा लेने के लिए आये हुए हैं। उम्मीद जताई जा रही है कि इस मौके पर नीतीश विरोधियों पर भी निशाना साधेंगे। संकल्प रैली को ध्यान में रखते हुए, यहां की लगभग सभी सवारी गाडिय़ों को रैली में लगा दिया गया है। इससे सासाराम और भभुआ की ओर जाने वाले यात्रियों को परेशान होना पड़ रहा है।
इससे पहले शुक्रवार को पार्टी अध्यक्ष शरद यादव ने पटना के श्रीकृष्ण मेमोरियल हॉल में कर्पूरी जयंती समारोह में राज्यसभा चुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों की घोषणा की थी। यहां मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी थे। तमाम अटकलबाजियों को झटका देते हुए जदयू ने पूर्व मंत्री व कर्पूरी ठाकुर के पुत्र रामनाथ ठाकुर, पत्रकार हरिवंश और राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कहकशां परवीन को राज्यसभा चुनाव के लिए अपना उम्मीदवार बनाया।
राज्यसभा के मौजूदा सांसदों शिवानंद तिवारी, एन.के. सिंह और साबिर अली को क्रमश: बक्सर, बांका और शिवहर से लोकसभा लडऩे की पेशकश की गई है। उम्मीदवार चयन में सोशल इंजीनियरिंग का ध्यान रखा गया है। सवर्ण, अति पिछड़ा और अल्पसंख्यक को प्रतिनिधित्व दिया है। राज्यसभा में हरिवंश के जरिए एन.के. सिंह और कहकशां से साबिर की कमी पूरी की है।