पटना. भाजपा पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश को दवा घोटाले में घेरने में लगी है, लेकिन पार्टी के वरिष्ठ नेता डॉ. सी.पी.ठाकुर ने उन्हें पूरी तरह क्लीन चिट दे दी। डॉ. ठाकुर ने रविवार को कहा कि नीतीश ईमानदार छवि के नेता हैं। हमलोग पुराने दोस्त और साथी रहे हैं। भले ही आज हम लोग एक साथ नहीं हैं। लेकिन, इसका मतलब यह नहीं है कि हम तुरंत ही एक-दूसरे को गाली देने लगे या चोर कहने लग जाएं। यह ठीक नहीं है।
उन्होंने कहा कि तथ्य नहीं हो तो आरोप नहीं लगाना चाहिए। मेरा मानना है कि नीतीश जानबूझ कर घोटाला करने वाले नेता नहीं हैं। हो सकता है कि उनसे ओवरलुक हो गया होगा। ऐसे मामले की सक्षम एजेंसी से जांच कराई जानी चाहिए। तभी पता चल पाएगा कि किसकी गलती है। इसके बाद ही कोई बात होनी चाहिए।
बयान से भाजपा का किनारा, कहा-घोटाले में नीतीश की संलिप्तता
भाजपा ने डॉ. ठाकुर के बयान से किनारा कर लिया है। पार्टी के राष्ट्रीय मंत्री रजनीश कुमार और प्रवक्ता विनोद नारायण झा ने कहा है कि बिना जानकारी के डाॅ. ठाकुर को नीतीश को क्लीन चिट नहीं देनी चाहिए। घोटाले में मुख्यमंत्री और मंत्री के रूप में नीतीश की संलिप्तता है। जब वे सीएम थे उस वक्त यह मुद्दा उठा था, लेकिन वे चुप्पी साधे रहे क्योंकि इसमें उनके कई नजदीकी अधिकारी शामिल थे।
इधर, भाजपा को घेरने में जुटे नीतीश
गैर भाजपा और गैर कांग्रेसी दलों के नेता सोमवार को नई दिल्ली में मिलेंगे। नीतीश कुमार, शरद यादव,
मुलायम सिंह यादव, ओम प्रकाश चौटाला और एचडी देवगौड़ा के बीच इस मुलाकात को भाजपा के खिलाफ मोर्चेबंदी के तौर पर देखा जा रहा है। चौटाला ने रविवार को एक भोज दिया िजसमें नीतीश, शरद, मुलायम भी शामिल हुए।