(फोटो- लड़की का झाड़ फूंक करते तांत्रिक)
पटना सिटी. बेड पर सर्प दंश से मरी किशोरी की लाश, बगल में सांप, सीट पर बैठा ओझा। दावा तंत्र-मंत्र से मरी बालिका कुछ देर में ही उठ कर खड़ी हो जाएगी। जहां यह सबकुछ चल रहा था लोगों की भीड़ लगी थी। लेकिन इसका विरोध करने के बदले लोग हैरान होकर ये सब देख रहे थे।
लेकिन ओझा के घंटों प्रयास के बाद भी जब लड़की के शरीर में कोई हरकत नहीं हुई तब परिजनों ने उसके शव को लेकर प्रस्थान कर गए। यह नजारा था शनिवार को एनएमसीएच के इमरजेंसी विभाग का।
इस संबंध में पूछने पर एनएमसीएच के अधीक्षक डॉ. संतोष कुमार ने कहा कि, हां। ऐसी जानकारी मिली है कि एक अंधविश्वासी परिवार ओझा के चक्कर में पड़ गया था। जैसे ही सूचना मिली उसे वहां से हटवाया गया। परिवार के लोगों को भी समझा दिया गया। इसके बाद वे लोग शव लेकर रवाना हो गए।
चमत्कार देखने को लगी थी भीड़: ओझा बाबा रामनाथ महतो की उम्र करीब 70 वर्ष है। किसी ने उन्हें बताया कि सांप काटने से बालिका की मौत हुई है। वह अचानक एनएमसीएच के इमरजेंसी वार्ड में पहुंच गए। इसके बाद उन्होंने अपने तंत्र-मंत्र का प्रयोग करने लगे।
उन्होंने परिजनों से एक के बाद एक दस मुर्गी मंगवाई और जहां पर सांप ने डसा था वहां मुर्गी से चटवा रहे थे। थोड़ी-थोड़ी देर के अंतराल में करीब दस मूर्गियों ने भी दम तोड़ दिया। लेकिन मेडिकल साइंस के आगे एक न चली।
घर में काटा था सांप : गोपालपुर के शाहपुर निवासी कामता प्रसाद मजदूरी करते हैं। उन्होंने बताया कि शुक्रवार की रात उनकी लड़की माधुरी (16) सो रही थी। अचानक बिजली गुल होने पर गर्मी से परेशान माधुरी हाथ पंखा लेने के लिए आलमारी पर रखे पंखे को उतारने के लिए जैसे ही हाथ बढ़ाया सांप ने डस लिया। जिससे उसकी मौत हो गई है।