(केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी - फाइल फोटो)
पटना. गांधी सेतु अब केंद्र सरकार बनवाएगी। चार महीने में पुनर्निर्माण का काम शुरू होने की उम्मीद है। केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने सोमवार को यह जानकारी दी। गडकरी दिल्ली से वीडियो कान्फ्रेंसिंग के जरिए देशभर के पत्रकारों से बात कर रहे थे। गडकरी ने कहा कि राज्य सरकार ने गांधी सेतु के निर्माण से हाथ खड़े कर लिए हैं। राज्य के मंत्री ललन सिंह ने उनसे दिल्ली में मिलकर कहा कि काम कठिन है।
इसके पहले राज्य के तत्कालीन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने केंद्र से निर्माण का काम अपने हाथ में लिया था। पर गांधी सेतु का मसला गंभीर है, ऐसे में केंद्र ने पुनर्निर्माण का काम अपने हाथ में लेने का निर्णय कर लिया है। फिजीबिलिटी अध्ययन चल रहा है। पुनर्निर्माण का काम चार माह में शुरू होगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार हाईटेक बस अड्डा बनवाएगी तो उसके डिजाइन और डीपीआर निर्माण का खर्च भी केन्द्र उठाएगा।
तीन एजेंसियों से काम छीन जमानत राशि जब्त
केंद्रीय मंत्री ने बताया कि धीमे काम की वजह से पटना-आरा-बक्सर, बख्तियारपुर-खगड़िया और छपरा-सीवान-गोपालगंज एनएच का काम छीनते हुए निर्माण एजेंसी की जमानत राशि जब्त कर ली गई है। पटना-आरा-बक्सर एनएच में एजेंसी गैमन से 11.6 करोड़, बख्तियारपुर-खगड़िया में नवयुग से 16 करोड़ और छपरा-सीवान-गोपालगंज एनएच में भी निर्माण एजेंसी अभिजीत इंफ्रास्ट्रक्चर से 16 करोड़ रुपए जब्त कर उन्हें काम से हटा दिया गया है। इन तीनों परियोजनाओं को रिटेंडर कर ईपीसी मोड पर अपनी राशि से बनवाई जाएंगी।
नक्सलग्रस्त इलाकों के लिए नया मानक
गडकरी ने कहा कि उग्रवादग्रस्त इलाकों में एनएच का निर्माण तेज करने के लिए मानक बदला जा रहा है। अब उन क्षेत्रों में छोटे-छोटे पैकेज में टेंडर किया जाएगा। इससे स्थानीय बेरोजगार इंजीनियरों को काम मिलेगा और छोटे-छोटे ठेकेदारों की मार्फत काम पूरे कराए जाएंगे। इसके अलावा फंसी सड़क परियोजनाओं को पूरा कराने के लिए सांसदों को उनके क्षेत्र की बाधाओं को गिनाते हुए उन्हें दूर कराने का आग्रह किया गया है।
रोड सेफ्टी उच्च प्राथमिकता
मंत्री ने कहा कि सड़क दुर्घटनाएं कम करना मेरी उच्च प्राथमिकता है। नए निर्माण में पुल, अंडर पास का निर्माण अनिवार्य बनाया जा रहा है। हाईवे मेंटेनेंस के लिए नई स्कीम लायी जा रही है। टिकाऊ सड़क बनाने के लिए अलकतरा की जगह 25 साल तक टिकने वालीं सीमेंट कंक्रीट वाली नेशनल हाईवे बनाने का निर्णय किया गया है
माना- राज्य में एनएच निर्माण की गति धीमी, तेज करने का निर्देश
गडकरी ने माना कि पीपीपी मोड पर बन रही सड़क परियोजनाओं की स्थिति ठीक नहीं है। बिहार में नेशनल हाईवे की निर्माण गति काफी धीमी है। उन्होंने कहा कि 3-4 महीनों में राज्य में काम का असर और अधिकारियों का मूवमेंट दिखने लगेगा।
सड़क दुर्घटना में घायलों का इलाज अब कैशलेस
गडकरी ने कहा है कि सड़क दुर्घटनाएं रोकने के लिए कोशिशें तेज कर दी गई हैं। इसके लिए कानून बदला जाएगा। राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा और प्रबंधन केंद्र भी बनाएंगे। सड़क दुर्घटना में घायल हुए लोगों को कैशलेस इलाज की सुविधा दी जाएगी।
आगे की स्लाइड में पढ़ें फिलहाल ये है गांधी सेतु की हालत