पटना. केंद्र सरकार ने इंदिरा आवास की राशि बढ़ा दी है। अब इसके लिए 70 हजार के बदले 95 हजार रुपए दिए जाएंगे। नक्सलग्रस्त व पहाड़ी क्षेत्रों के लिए एक लाख रुपए दिए जाएंगे। गुरुवार को रालोसपा अध्यक्ष व केंद्रीय राज्यमंत्री उपेंद्र कुशवाहा ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जल्द ही इंदिरा आवास की राशि 1.15 लाख रुपए की जाएगी, वहीं नक्सली क्षेत्र के लिए 1.25 लाख रुपए का प्रस्ताव है। वित्त मंत्रालय से मंजूरी मिलते ही इसे लागू कर दिया जाएगा।
अक्षम लोग, बीपीएल सूची में जिनका नाम नहीं है, उन्हें भी ग्राम सभा की स्वीकृति से इंदिरा आवास मिलेगा। मिशन मोड में ग्रामीण आवास मिशन के तहत आवास विहीन सभी लोगों को अगले 7 वर्षों में आवास उपलब्ध कराया जाएगा। इसमें आवास के साथ ही शौचालय व पीने का पानी और बिजली की भी व्यवस्था होगी। 70 हजार के साथ मजदूरी चार्ज के रूप में 15 हजार और शौचालय निर्माण के लिए 10 हजार यानी एक इंदिरा आवास पर 95 हजार रुपए दिए जाएंगे।
राज्य सरकार पर आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि यहां बीपीएल सूची में भारी गड़बड़ी है। लाखों गरीब परिवार के नाम बीपीएल सूची से गायब हैं, जबकि कई एपीएल परिवारों का नाम बीपीएल सूची में शामिल कर दिया गया है।
बिहार को पीएमजीएसवाई की राज्य को राशि नहीं देने के सवाल कहा कि अक्टूबर के प्रथम सप्ताह में प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना, पेयजल व जलापूर्ति सहित अन्य योजनाओं की समीक्षा करेंगे।
श्रमिकों को औजार व साइकिल के लिए 15 के बदले 20 हजार रुपए मिलेंगे : दुलाल
निर्माण मजदूरों को राज्य सरकार औजार, साइकिल व भवन निर्माण के लिए अब 15 हजार के बदले 20 हजार रुपए देगी। श्रम कल्याण दिवस के मौके पर बुधवार को श्रम संसाधन मंत्री दुलाल चंद्र गोस्वामी ने यह घोषणा की। श्रमिकों के कल्याण के लिए नियम प्रक्रिया में परिवर्तन का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि ठेका मजदूरों के संबंध में परामर्शदातृ समिति का शीघ्र गठन किया जाएगा। श्रमिकों में सम्मान में सरकार कोई कमी नहीं छोड़ेगी। उन्होंने दो कंपनियों बाटा इंडिया व हिंदुस्तान
कोका कोला विवरेज के 13 श्रमिकों को बेहतर कार्य के लिए सम्मानित किया। श्रमायुक्त सुरेश प्रसाद सिन्हा ने कहा कि कल्याणकारी योजनाओं का लाभ श्रमिकों तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। मौके पर बाल श्रमिक आयोग के अध्यक्ष चंदेश्वर प्रसाद चंद्रवंशी, उपाध्यक्ष अनिता सिन्हा, चंद्रप्रकाश सिंह, गजनफर नवाब, आरएन ठाकुर आदि मौजूद थे। धन्यवाद ज्ञापन उप श्रमायुक्त अरविंद कुमार ने किया।
(केंद्रीय राज्यमंत्री उपेंद्र कुशवाहा)