पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Old Janta Family Will Meet At Lalu Yadav Home

16 को लालू के घर जुटेगा पुराना जनता परिवार, दिग्गजों को न्योता

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
नई दिल्ली. राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद की सबसे छोटी बेटी राजलक्ष्मी की शादी की अगली रस्म उनके नए आवास से होगी। 16 दिसंबर को रिंग सेरेमनी है। इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए पुराने जनता परिवार के दिग्गजों को न्योता दिया जा रहा है। बिहार के सीएम जीतन राम मांझी ने आने की स्वीकृति भी दे दी है। उनका कार्यक्रम दिल्ली में तैनात राज्य सरकार के संबंधित अधिकारियों के पास पहुंच गया है।
लालू का नया आवास घिटोरनी में है। यह सांसद प्रेम गुप्ता का फार्म हाउस है। घिटोरनी मेट्रो स्टेशन भी है। तुगलक रोड वाला सरकारी आवास खाली कर वे सपरिवार इसी आवास में आ गए हैं। राजद सुप्रीमो फिलहाल मेहमानों की सूची को अंतिम रूप दे रहे हैं। पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवगौड़ा, पूर्व सीएम नीतीश कुमार, जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष शरद यादव, सांसद केसी त्यागी आदि इस सूची में शामिल हैं। वरपक्ष से सपा अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव अपने परिवार के साथ आएंगे। उनके पौत्र और सांसद तेज प्रताप से राजलक्ष्मी की शादी तय हुई है।
सात दिसंबर को लालू प्रसाद शगुन लेकर मुलायम सिंह के आवास पर लखनऊ गए थे।
दिल्ली में पीएम के साथ बैठक के चलते यूपी के सीएम अखिलेश यादव उस दिन शगुन समारोह में नहीं आए थे। वे रिंग सेरेमनी में मौजूद रहेंगे। संभव है कि उस दिन तिलक और शादी की तारीख भी तय हो जाए। मुलायम सिंह यादव का आग्रह है कि तिलक का कार्यक्रम उनके गांव सेफई में ही हो। लालू इसके लिए राजी हैं। बहरहाल, 16 दिसंबर के कार्यक्रम में बिहार के राजद नेताओं की भागीदारी कम ही होगी। लालू प्रसाद ने पार्टी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं को कह दिया है कि सब 22 दिसंबर को धरना में शामिल होने के लिए दिल्ली आएं। उस दिन पुराने जनता परिवार के दलों की ओर से केंद्र के खिलाफ यहां धरना दिया जा रहा है।