पटना. रेलवे ने तीन अक्टूबर से पाटलिपुत्र जंक्शन चालू करने की घोषणा तो कर दी, लेकिन यहां तक कैसे पहुंचा जाए इसके लिए कोई व्यवस्था नहीं की गई। फिलहाल रूपसपुसपुर मोड़ तक तो लोग ऑटो या बस से आ-जा सकते हैं, लेकिन वहां से पाटलिपुत्र जंक्शन जाने के लिए निजी या रिजर्व वाहन की जरूरत पड़ेगी।
जो निजी या रिजर्व वाहन की सुविधा का खर्च वहन नहीं कर सकते, उन्हें एक किलोमीटर की दूरी पैदल ही तय करनी पड़ेगी। ऐसे में यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। खासकर वैसे लोगों को ज्यादा परेशानी होगी जिनके यात्रा के दौरान सामान अिधक होंगे।
रात में बढ़ेगी परेशानी
परिवहन की सुविधा नहीं होने से लोगों को ऑटो व रिक्शा के लिए भी मनमाना भाड़ा चुकाना होगा। सबसे ज्यादा परेशानी रात में ट्रेन पकड़ने या स्टेशन उतरनेवाले यात्रियों को होगी। जंक्शन से रूपसपुर मोड़ तक आने-जाने के लिए रात में रिजर्व सवारी मिलनी भी मुश्किल होगी।
अभी जाम का करना होगा सामना
शेखपुरा मोड़ से राजाबाजार तक फ्लाइओवर की निर्माण प्रक्रिया जारी रहने तक लोगों को हर दिन जाम का सामना करना पड़ेगा। जब फ्लाइओवर की शुरुआत होगी, तभी लोगों का पाटलिपुत्र जंक्शन तक आना-जाना आसान हो सकेगा।