पटना. नशे में धुत बेउर जेल के कारा सुरक्षाकर्मी पै ट्रिक मिंज ने ड्यूटी के दौरान वॉच टावर-7 से फायरिंग कर दी। शनिवार को लगभग साढ़े बारह बजे गोलीबारी की सूचना मिलने के बाद कारा अस्पताल में एक कार्यक्रम में मौजूद जेल अधीक्षक शिवेंद्र प्रियदर्शी, जेलर अमरजीत सिंह सुरक्षाकर्मियों के साथ गंगा विहार कॉलोनी की ओर स्थित टावर की ओर गए तो उसने दोनों अधिकारियों पर भी गोली चला दी। दोनों अधिकारी बाल-बाल बच गए और वहां से हट गए।
रांची निवासी मिंज ने 12 से 3 बजे की शिफ्ट में ड्यूटी करने टावर पर गया था। उसके बाद उसने 12:30 से 1:15 बजे के बीच ड्यूटी के लिए दिए गए थ्री नॉट थ्री रायफल से रुक-रुककर छह-सात राउंड हवाई फायरिंग करने के साथ ही गाली-गलौज की। इससे कैदियों से लेकर स्थानीय लोगों में अफरातफरी मच गई। इसी बीच डीएम अभय कुमार सिंह, एसएसपी जितेंद्र राणा, फुलवारीशरीफ डीएसपी इम्तियाज अहमद के साथ ही बेउर, गर्दनीबाग थानों की पुलिस भारी तादाद में पहुंच गई। बाहर में मौजूद पुलिसकर्मियों ने मिंज पर हथियार तानकर हड़काया और उसे अपनी ओर ध्यान बटाए रखा। इसी बीच कारा के जवान राकेश कुमार जान की बाजी लगाते हुए धीरे से उस टावर पर चढ़े और मिंज को कब्जे में कर लिया। उसके के बाद उसे लगभग 1.25 बजे नीचे उतारा गया। उसके पास से 18 जिंदा कारतूस, रायफल बरामद किया गया। मेडिकल जांच में उसके नशे में होने की पुष्टि हुई। जेल प्रशासन द्वारा बेउर जेल में प्राथमिकी दर्ज कराने के बाद उसे गिरफ्तार करने के साथ ही सस्पेंड कर दिया गया। मिंज इसी वर्ष जुलाई से इस जेल में तैनात था। वह जेल परिसर स्थित सरकारी क्वार्टर में रहता है।
कक्षपाल पर भी हो सकती है कार्रवाई
जिस कक्षपाल ने नशे में धुत मिंज को टावर पर ड्यूटी लगाई थी, उसपर भी कार्रवाई हो सकती है। वह इसलिए कि जब वह नशे में था तो उसे क्यों संवेदनशील स्थान यानी टावर पर ड्यूटी दी गई थी। जेल सूत्रों का कहना है कि मामले की तफ्तीश की जा रही है।
शाम में जेल डीआईजी व सदर एसडीओ भी पहुंचे
शाम में जेल डीआईजी यूके शरण व सदर एसडीओ अमित कुमार भी जेल पहुंचे। इस दौरान दोनों अधिकारी उस टावर पर भी चढ़े, जहां से मिंज ने गोलियां चलाई थीं।
डीएम ने कहा, दो राउंड गोलियां चलीं
डीएम ने कहा दो राउंड गोलियां चली हैं। 18 कारतूस बरामद किए गए हैं। उन्होंने कहा कि इस बात की जांच होगी कि नशे में धुत सुरक्षाकर्मी को कैसे ड्यूटी पर तैनात किया गया। दोषी पाए जाने पर ड्यूटी देने वाले कक्षपाल पर कार्रवाई होगी।
पत्नी ने एक दिन पहले उसकी की थी चप्पल से धुनाई
शुक्रवार को मिंज नशे में धुत होकर सड़क पर गिरा हुआ था। सूचना मिलने के बाद उसकी पत्नी ने उसे चप्पल से जमकर धुनाई की थी। फिर उसे घर ले गई थी। स्थानीय लोगों ने बताया कि वह बराबर शराब के नशे रहता है।