फोटो: निदा अमीना अहमद और कुमारी तुलिका ने अखिल भारतीय निबंध प्रतियोगिता में बिहार को पहला स्थान दिलवाया।
पटना. मगध महिला कॉलेज की छात्राओं ने एक बार फिर से बिहार का नाम रोशन किया है। कॉलेज की हिस्ट्री डिपार्टमेंट के लिए गर्व की बात है कि उसी डिपार्टमेंट की सेकेंड इयर की कुमारी तुलिका और निदा अमीना अहमद ने अखिल भारतीय निबंध प्रतियोगिता में बिहार को पहला स्थान दिलवाया। श्रीराम चंद्र मिशन और यूएन इंफॉर्मेशन सेंटर फॉर इंडिया और भूटान द्वारा चेन्नई में यह प्रतियोगिता आयोजित की गई। देश के सभी राज्यों को 30 जोन में बांटा गया। देश भर से एक लाख से भी अधिक छात्र-छात्राओं ने प्रतियोगिता में हिस्सा लिया था। इन एक लाख स्टूडेंट्स में से निदा और तुलिता भी थीं। निबंध का विषय था \"सत्यनिष्ठ होना ही मानवीय होना है\'। एक हजार शब्दों में अपनी बातों को रखना था।
यह प्रतियोगिता सभी राज्यों में जोनल स्तर पर हुई। 30 जोन में पहला स्थान निदा को मिला। इसकी वजह से जोनल प्रतियोगिता में बिहार को पहला स्थान मिला। वहीं, दूसरा स्थान भी कुमारी तुलिका को मिला। इस प्रतियोगिता में पहले दो स्थानों पर बिहार की लड़िकयों ने अपनी लेखनी का लोहा मनवाया।
हिस्ट्री डिपार्टमेंट की प्रोफेसर लाली श्रीवास्तव ने कहा कि हमारे लिए अच्छी खबर है कि हमारे कॉलेज में ऐसी स्टूडेंट्स हैं, जो नेशनल लेवल पर प्रतियोगिताओं में जीत कर आ रही हैं। सबसे अच्छी बात है कि प्रतियोगिता में पहला दो स्थान बिहार को मिला और वह भी मगध महिला कॉलेज की लड़कियों को। कुमारी तुलिका ने कहा कि पहले वह इस प्रतियोगिता में रुचि नहीं ले रही थी, लेकिन प्रोफेसर लाली के कहने पर उन्होंने हिस्सा लिया। वहीं निदा ने भी अपनी कमजोरियों पर अंकुष लगा कर प्रतियोगिता जीत ली।