पटना. शहर का तापमान अगर 10 डिग्री सेल्सियस के न्यूनतम स्तर से नीचे जाता है, तो स्कूलों को बंद कराया जाएगा। इस संदर्भ में जिलाधिकारी कार्यालय से स्कूलों को बंद करने की सूचना जारी की जाएगी। यह जानकारी बुधवार को जिलाधिकारी अभय कुमार सिंह ने दी। उन्होंने कहा कि फिलहाल स्कूलों को अपना समय परिवर्तित करना चाहिए, ताकि बच्चों को परेशानी नहीं हो।
इधर, शहर के बच्चों को कोहरे के बीच ठिठुरते हुए स्कूल जाने से थोड़ी राहत दी गई है। शहर के कुछ सीबीएसई और आईसीएसई स्कूलों ने अपनी समय सारणी में बदलाव किए हैं। स्कूल के इस पहल से बच्चों के साथ-साथ अभिभावक भी खुश नजर आ रहे हैं।
ठंड में लगातार हो रहा इजाफा : शहर का तापमान दिन-ब-दिन घटता ही जा रहा है। पिछले पांच दिनों में शहर का न्यूनतम तापमान 15 डिग्री से 11 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है। सबसे ठंडा दिन रविवार को रहा।