पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Patna University Convocation Of The Gold Medalist

पटना यूनिवर्सिटी के दीक्षांत समारोह में 69 टॉपरो को गोल्ड मेडल से सम्मानित किया

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

पटना. पटना यूनिवर्सिटी या विश्व के किसी भी विश्वविद्यालय की ओर से दी गई डिग्री आपको जीवन के उच्च शिखर तक लेकर नहीं जा सकती है। जीवन में सफलता के लिए आपको सामाजिक बनना होगा। सामाजिक तौर-तरीकों को अपनाना होगा। ये बातें राजस्थान व जम्मू-कश्मीर हाईकोर्ट के पूर्व मुख्य न्यायाधीश और बिहार मानवाधिकार आयोग के पूर्व अध्यक्ष जस्टिस एसएन झा ने कहीं।

उन्होंने श्रीकृष्ण मेमोरियल हॉल में बुधवार को हुए पटना विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में दीक्षांत भाषण दिया। इस दौरान एसएन झा ने कहा कि अपने विश्वविद्यालय के मंच पर नए बैच के विद्यार्थियों को सम्मानित करने का सौभाग्य उन्हें मिला है। पटना विवि देश का सातवां सबसे पुराना विश्वविद्यालय है। विवि का प्रथम दायित्व विद्यार्थियों को शिक्षित इंसान बनाना है।

शिक्षा आपको ज्ञानवान बनाती है। ज्ञान की बदौलत ही आप जीवन की ऊंचाइयों तक पहुंच सकते हैं। यह डिग्री आपकी कॉलेज स्तर की शिक्षा के समापन का प्रमाणपत्र हो सकता है, लेकिन जीवन तो सीखने का दूसरा नाम है। यहां से सामाजिक शिक्षण की शुरुआत होगी। समारोह में आईएएस अधिकारी डॉ. रणजीत कुमार सिंह को भी डिग्री मिली।

शिक्षण तकनीक में बदलाव जरूरी : पाटिल

समारोह में कुलाधिपति व राज्यपाल डॉ. डीवाई पाटिल ने कहा कि बदलते समय ने शिक्षण तकनीक में बड़ा व क्रांतिकारी बदलाव लाया है। भूमंडलीकरण व तकनीकी क्रांति ने छात्रों तक शिक्षा का अलग स्वरूप पेश किया है। स्नातक से स्नातकोत्तर स्तर तक व्यावसायिक स्तर की शिक्षा पर जोर दिया जा रहा है। ऐसे में विद्यार्थी वैश्विक स्तर की जानकारी रख रहे हैं। शिक्षकों के समक्ष चुनौती है कि वे शिक्षण तकनीक को बेहतर बनाने का प्रयास करें। खुद को अपडेट रखें। अपने आपको बदलने के लिए तैयार रहें। पटना विवि को एक्टिव कैंपस बताते हुए कुलाधिपति ने कहा कि शैक्षणिक संस्थानों को इसी प्रकार जीवंत बनाने की जरूरत है।


कुलपति ने उठाया केंद्रीय विवि का मामला

कुलपति प्रो. अरुण कुमार सिन्हा ने प्रगति रिपोर्ट पेश करते हुए कहा कि पटना विश्वविद्यालय अपने स्थापना के 97वें वर्ष में प्रवेश कर गया है। इसे अब केंद्रीय विश्वविद्यालय के रूप में विकसित करने का सही मायनों में प्रयास किए जाने की जरूरत है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार इस मामले को कई मंच पर उठा चुके हैं। अब सबको मिलकर एक बार फिर जोरदार प्रयास करना चाहिए। विश्वविद्यालय में नियमित तौर पर शैक्षणिक गतिविधियां सेमिनार, सिंपोजियम, कार्यशाला और राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रमों का आयोजन हो रहा है। विश्वविद्यालय निश्चित तौर पर विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा देने में कामयाब होगा।