पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Principal Says She Is Innocent In The Case Of Mid Day Meal Tragedy

मिड डे मील: वह कहती रही, मैं निर्दोष हूं, भेजा गया जेल

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

पटना /छपरा। छपरा के धर्मासती प्राथमिक विद्यालय की प्रिंसिपल मीनू कुमारी को सीजेएम एके झा की अदालत में पेश किया गया। अदालत ने पांच अगस्त तक उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। छपरा के एसपी सुजीत कुमार ने कहा कि मामले की जांच के दौरान जरूरत पड़ने पर प्रिंसिपल को रिमांड पर लिया जाएगा। पुलिस ने मीनू की पॉलिग्राफ टेस्ट के लिए कोर्ट अनुरोध किया है।


छपरा कोर्ट से कल ही गिरफ्तारी के बाद एसआइटी के अधिकारी मीनू कुमारी से पूछताछ करते रहे। प्रिंसिपल का बयान रिकार्ड किया गया है। एसपी ने बताया कि पूछताछ में मीनू कुमारी ने खुद को बेकसूर बताया और कहा कि उसे नहीं मालूम कि यह सब कैसे हो गया। बताया जाता रहा कि पूछताछ के दौरान प्रिंसिपल बार-बार रोती रहीं। मीनू कल छपरा कोर्ट में सरेंडर करने पहुंची थी कि पुलिस ने धर-दबोचा था।


आज कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शाम में 23 बच्चों की हत्या की आरोपी प्रिंसिपल को कोर्ट में पेश किया गया। पेशी के दौरान बड़ी तादाद में प्रिंसिपल को देखने के लिए भीड़ जमा हो गयी थी। अदालत ने सामने पुलिस की ओर से मीनू कुमारी पर लगे आरोपों के बारे में बताया गया। पेशी के वक्त मीनू के पिता, दादा और पूर्व विधायक मानिकचंद्र राय मौजूद थे। कोर्ट परिसर को पूरी तरह पुलिस छावनी में बदल दिया गया था।