पटना. गांधी मैदान को विश्वस्तरीय बनाने के दैनिक भास्कर के अभियान को समर्थन देने और लोगों को गांधी मैदान की स्वच्छता से जोड़ने के लिए केंद्रीय मंत्री रामकृपाल यादव ने शनिवार को आधे घंटे मैदान की सफाई की। उन्होंने हाथ में कुदाल लेकर पौधों के लिए क्यारियां बनाईं। आसपास की घास की छंटाई की।
झाड़ू से ट्रैक की सफाई की। इस दौरान सुबह गांधी मैदान में जॉगिंग के लिए पहुंचे युवाओं और अन्य लोगों ने भी सांसद के साथ मिलकर गांधी मैदान में सफाई अभियान चलाया।
साझा प्रयास से ही खूबसूरत होगा गांधी मैदान
सांसद रामकृपाल यादव ने कहा- सिर्फ सरकार और प्रशासन की तरफ देखने से नहीं होगा। गांधी मैदान को साफ-सुथरा रखना हम सबकी जिम्मेदारी है। हम अपने स्तर पर भी इसे साफ रखने की कोशिश कर सकते हैं। छोटी-छोटी कोशिश से बड़ी सफलता मिलेगी। भास्कर अभियान ने लोगों को गांधी मैदान से जोड़ा है। लोग सफाई के लिए आगे आ रहे हैं। यह अच्छी बात है। इसे इसी तरह और आगे बढ़ाने की जरूरत है।
हर रोज करेंगे सफाई
गांधी मैदान में टहलने के लिए पहुंचे लोगों ने कहा कि अब वे रोजाना अपने स्तर पर मैदान की सफाई करेंगे। जितना संभव हो सकेगा, वे श्रमदान करेंगे ताकि गांधी मैदान हरा-भरा रहे। युवाओं ने कहा कि वे अपने दोस्तों को भी दैनिक भास्कर की इस मुहिम के साथ जोड़ेंगे। इसके जरिए सप्ताह में कम से कम एक दिन वे ग्रुप में दोस्तों संग सफाई अभियान चलाएंगे।