पटना. राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद ने
फेसबुक पर कहा- भाजपा के नेताओं ने कहा था कि लालू प्रसाद का साढ़े 29 हजार करोड़ रुपए कालाधन विदेश में जमा है। अब वे बताएं कहां है काला धन? चुनौती देता हूं, दम है तो लाओ? जनता बताएगी कि इन लोगों का क्या किया जाए? कालाधन लाने की बात करने वाले लोग अब डायवर्ट कर रहे हैं। लोगों को झाड़ू पकड़ा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि हम समाजवादियों का कैरेक्टर ही अलग किस्म का है। हम लड़ते भी हैं और लड़ते हैं, तो धुर-विरोधियों की पटका-पटकी भी खूब करते हैं। अब हम एकजुट हो रहे हैं और इस प्रक्रिया को पूरी करने की जिम्मेदारी
मुलायम सिंह यादव को सौंपी गई है। कहा- हमलोग जब सामाजिक न्याय, गैर बराबरी, असमानता, पिछड़े, दलित का सवाल उठाते हैं, तो मीडिया दिखाता है यादव त्रिमूर्ति। मीडिया को हमलोग पसंद नहीं, क्योंकि हम उनके अनुरूप बात नहीं करते।
उन्होंने कहा कि भाजपा लोगों को लुभावने सपने दिखाकर सत्ता में आई, पर विफल साबित होती दिख रही है। यही भांपकर ध्यान भटकाने के लिए धर्मांतरण जैसे मुद्दे को तूल दिया जा रहा है। जब उनकी हवा निकलेगी, तो पता भी नहीं चलेगा कि ये बनावटी हवा का गुब्बारा कहां से पंक्चर हुआ। पिछले लोकसभा चुनाव में लोग भाजपा के बहकावे में आ गए थे। अब इस सरकार से कोई उम्मीद नहीं करना चाहिए। भाजपा अल्पसंख्यकों के खिलाफ माहौल बनाने की कोशिश कर रही है।