पटना. राज्य में जारी सत्ता संग्राम अब दिल्ली पहुंच गया है। पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बुधवार शाम 7 बजे राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी के समक्ष अपने समर्थक 130 विधायकों की परेड कराएंगे। नीतीश कैंप के अनुसार जदयू, राजद और कांग्रेस के 125 विधायक मंगलवार शाम दो विमानों से दिल्ली पहुंचे। उन्हें नोएडा के दो होटलों में ठहराया गया है।
नीतीश खुद भी विधायकों की सुख-सुविधा का जायजा लेते रहे। वे बिहार निवास में ठहरे हैं। हवाई अड्डे पर नीतीश ने कहा कि बिहार के सियासी संकट में राज्यपाल केसरीनाथ त्रिपाठी अड़ंगा डाल रहे हैं। उन्होंने कहा, "हमने उनसे जल्द से जल्द सरकार बनाने और बहुमत साबित करने का मौका देने का अनुरोध किया था। पूरी स्थिति साफ है। लिहाजा, मैंने त्रिपाठी से कहा कि फैसले में देर न लगाई जाए। देर होने से हॉर्स ट्रेडिंग को बढ़ावा मिलेगा।" अब्दुल बारी सिद्दीकी, गिरधारी यादव, जनार्दन मांझी, कौशल यादव और पूर्णिमा यादव बुधवार को दिल्ली पहुंचेंगे।
विजय चौधरी विधायक दल के नेता बने : पूर्व मंत्री विजय चौधरी विधानसभा में जदयू के नेता होंगे। स्पीकर उदय नारायण चौधरी ने उन्हें मान्यता दे दी है। इससे पहले जदयू कोर कमिटी ने चौधरी को विधानसभा में नेता बनाने का फैसला लिया। नीतीश विधान पार्षद हैं, लिहाजा उन्हें विधानसभा में नेता के रूप में मान्यता नहीं दी जी सकती है। स्पीकर ने उन्हें विधानमंडल दल के नेता की मान्यता दी है।