पटना. संपूर्ण क्रांति एक्सप्रेस से सफर करने वाले यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। कोहरे के कारण अब लेट होने पर भी संपूर्ण क्रांति पटना से दिल्ली के लिए समय पर खुलेगी। रेलवे ट्रेन के लेट होने पर जुगाड़ की ट्रेन यानी स्क्रैच रेक रवाना करेगी। नई रेक की सुविधा गुरुवार से ही प्रभावी हो गई है।
ठंड व कोहरे के बीच लगातार लेट हो रही इस ट्रेन के चलते यात्रियों को होने वाली परेशानी को देखते हुए यह अतिरिक्त रेक तैयार की गई है। हालांकि पहले दिन जुगाड़ लगाने के बाद भी संपूर्ण क्रांति एक्सप्रेस एक घंटे लेट से सात बजे खुली। पिछले वर्ष भी ज्यादा कोहरे के दौरान के संपूर्ण क्रांति के लिए स्क्रैच रेक बनाई गई थी।
अन्य गाड़ियों में भी सुविधा
पूर्व मध्य रेलवे के सीपीआरअो अरविंद कुमार रजक ने बताया कि जीएम मधुरेश कुमार की पहल पर संपूर्ण क्रांति के लिए अतिरिक्त रेक बनी है। ज्यादा लेट होने पर कुछ अन्य महत्वपूर्ण गाड़ियों के लिए भी स्क्रैच रेक तैयार की जा रही है। रेलवे की पूरी कोशिश है कि कोहरे के दौरान यात्रियों को कम से कम परेशानी हो और उनकी सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित हो सके। अतिरिक्त रेक के उपयोग से ज्यादा लेट होने की स्थिति में भी संपूर्ण क्रांति एक्सप्रेस को रद्द करने की नौबत नहीं आएगी। साथ समय पालन में भी सुधार होगा। इधर, कई दिनों से ठंड और कोहरे की वजह से कारण संपूर्ण क्रांति लगातार लेट हो रही थी।
क्या है स्क्रैच रेक
यार्ड में मरम्मत के लिए लाई गई कई ट्रेनों की बोगियों की मामूली गड़बड़ी ठीक कर उससे एक पूरी रेक बनाई जाती है। किसी कारण से ट्रेन लेट हो जाए तो उसके बदले इस रैक को रवाना किया जाता है। आम बोलचाल की भाषा में इसे जुगाड़ की ट्रेन कहा जाता है। पूर्व मध्य रेलवे के सीपीआरओ के मुताबिक, स्क्रैच रेककी व्यवस्था स्थायी नहीं है। इसे सिर्फ कोहरे के दौरान या भविष्य में ज्यादा लेट होने पर चलाया जाएगा। ताकि यात्रियों को दिक्कत न हो।