पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंपटना. सचिवालय में मंगलवार को डाटा इंट्री ऑपरेटरों ने पशु व मत्स्य संसाधन विभाग के प्रधान सचिव सुभाष शर्मा को दोपहर 12 से पांच बजे तक बंधक बनाकर हंगामा-प्रदर्शन किया। विभाग के 25 ऑपरेटरों को हटाने के विरोध में यहां के 200 से अधिक ऑपरेटरों ने तोडफ़ोड़ और नारेबाजी भी की। हंगामे की वजह से पूरा विकास भवन रणक्षेत्र-सा दिखा। प्रदर्शनकारियों को शांत कराने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज भी किया। इसमें ऑपरेटर इंदर कुमार घायल हो गया। स्थिति को संभालने के लिए पुलिस बल के साथ वज्र वाहन भी मंगाए गए थे।
सरकारी काम में बाधा पहुंचाने का आरोप : सचिवालय डीएसपी शिवली नोमानी ने बताया कि सरकारी काम में बाधा पहुंचाने और तोडफ़ोड़ करने के आरोप में रणविजय को गिरफ्तार किया गया है। 24 नामजद और 150 अज्ञात लोगों के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है।
बेवजह हटाया जा रहा है : ऑपरेटरों का कहना है कि उन्हें बेवजह हटाया जा रहा है। एक ओर मुख्य सचिव अशोक कुमार सिन्हा संविदा पर नियुक्त कर्मियों को नियमित करने की बात कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर पशुपालन विभाग के प्रधान सचिव हटाने पर तुले हैं। इस मामले को लेकर बुधवार को सचिवालय परिसर में ऑपरेटरों की बैठक होगी, जिसमें आगे की रणनीति तय की जाएगी।
कामकाज प्रभावित
पशु व मत्स्य संसाधन विभाग में डाटा इंट्री ऑपरेटरों के आंदोलन को अन्य विभागों में काम करने वाले डाटा इंट्री ऑपरेटरों का भी समर्थन मिला। इस कारण अन्य विभागों का कामकाज प्रभावित रहा।
इन्हें हटाया गया है
पूनम कुमारी, एकता कुमारी, सुलेखा कुमारी, बृजभूषण उपाध्याय, अनुराग कुमार, मो. रिजवान इकबाल, कमलेश कुमार, संजू राय, किरण बाला, पंकज कुमार, मनीष कुमार, प्रेमलता, मणि कुमार, संजय कुमार सिंह, प्रकाश चंद्र सिन्हा, राज रंजन कुमार, रमेश चंद्र प्रसाद, जितेंद्र कुमार, नैना कुमारी, अलका कुमारी, शंभू प्रसाद, इंदर कुमार, वेद प्रकाश, सुमन कुमारी व उमेश प्रसाद।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.