पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Shatrughan Sinha And Sushil Modi Controversy On Bihar Politics

शत्रुघ्न को सूमो का नेतृत्व स्वीकार नहीं, कहा- सामूहिक नेतृत्व में ही लड़ेंगे विधानसभा चुनाव

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
पटना. बिहार भाजपा में सब कुछ ठीक नहीं चल रहा है। पार्टी में अंतर्कलह रुकने का नाम ही नहीं ले रहा है। महिला मोर्चा की कार्यसमिति में शनिवार को भाग लेने आए पटना साहिब के सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव पार्टी सामूहिक नेतृत्व में ही लड़ेगी।
हालांकि, शॉटगन ने खुलकर तो नहीं लेकिन सामूहिकता की बात कर परोक्ष रूप से पार्टी के नेता सुशील कुमार मोदी के नेतृत्व को एक बार फिर ललकारा है। उधर, पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व सांसद डॉ. सीपी ठाकुर ने भी कहा है कि नेता तो केंद्रीय नेतृत्व ही तय करेगा।
बिहारी बाबू ने विधानसभा चुनाव में नेतृत्व को लेकर पूछ गए सवाल के जवाब में कहा कि इसे लेकर परेशान होने की जरूरत नहीं है। अपने फिल्मी अंदाज में कहा- वही होगा जो मंजूर-ए-खुदा होगा। सामूहिक नेतृत्व में चुनाव लड़ा जाएगा।
पार्टी का केंद्रीय नेतृत्व इस संबंध में उपयुक्त समय पर फैसला करेगा। कार्यकर्ता जो चाहेंगे, वही होगा। उनकी मांग पर ही मुहर लगेगी। उन्होंने कहा कि मैं मुख्यमंत्री की रेस में नहीं हूं, लेकिन केंद्रीय नेताओं के आदेश से जो भी जिम्मेदारी दी जाएगी उसे बखूबी निभाऊंगा। चाहे जिम्मेदारी संतरी की हो या मंत्री की।
भाजपा सांसद ने कहा कि अंग्रेजी में एक कहावत है यूनाइटेड वी स्टैंड डिवाइडेड वी फॉल। इसलिए, एकजुट होकर पार्टी का कार्य सभी को करना चाहिए। भाजपा बड़े परिवार की तरह है। परिवार में बर्तन एक-दूसरे से टकराते रहते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा में वन मैन आर्मी के बारे में प्रदेश अध्यक्ष ने जो कहा वह सामूहिकता की मेरी राय पर भी एक तरह की मुहर है।