पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

फिल्म की 75% शूटिंग बिहार में करने पर मिलेगा 50 लाख रुपए तक अनुदान

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
पटना. बिहार के लोग अगर फिल्म निर्माण करते हैं और इसकी 75 फीसदी शूटिंग राज्य में ही करते हैं, तो सरकार उन्हें अनुदान देगी। यह अनुदान फिल्म लागत का 25 फीसदी (अधिकतम 50 लाख रुपए) होगा। फिल्म निर्माण के लिए राज्य सरकार एक साल में छह करोड़ तक अनुदान देगी। शर्त यही होगा कि उस फिल्म के 50 फीसदी कलाकार और तकनीशियन भी बिहार के हों। इसे लेकर राज्य सरकार बिहार राज्य फिल्म प्रोत्साहन नीति लागू करेगी। यह लागू होते ही नीति के तहत मिलने वाली सारी सुविधाएं मिलने लगेंगी।
कला, संस्कृति एवं युवा विभाग ने फिल्म प्रोत्साहन नीति -2014 का प्रारूप प्रकाशित कर दिया है। इस पर आम लोगों से तीन सप्ताह के अंदर सुझाव मांगा है। राज्य में फिल्म उद्योग को विकसित करना और कलाकारों को सुविधा प्रदान करना नीति बनाने का मकसद है। विभाग की वेबसाइट पर नीति का प्रारूप उपलब्ध करा दिया गया है। कोई भी अपना सुझाव ई-मेल या विभाग के सचिव के कार्यालय को उपलब्ध करा सकता है। सुझाव प्राप्त होने के बाद नीति को अंतिम रूप दिया जाएगा।
नीति में खास क्या
बिहार में अधिक से अधिक फिल्मों का निर्माण किया जाएगा
राज्य की सांस्कृतिक, पौराणिक और ऐतिहासिक विरासत को देश-विदेश में प्रचारित करना
अभिनय और फिल्म निर्माण की प्रतिभा के विकास का अवसर देना
निजी क्षेत्र में स्टूडियो और फिल्म निर्माण के लिए उपकरणों में निवेश करने पर 30 लाख रुपए तक अनुदान मिलेगा
सिनेमा हॉल में साल में 30 दिन राज्य में बनने वाली क्षेत्रीय भाषा की फिल्मों का प्रदर्शन अनिवार्य होगा
मनोरंजन कर में भी छूट मिलेगी
फिल्म निधि बनेगी
वीडियो पायरेसी और फिल्मों के अवैधानिक प्रदर्शन पर रोक होगी
वार्षिक फिल्म पुरस्कार की शुरुआत होगी।