पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Sticks In Their Hands, Lips, Rahul Women Police Cordon Almganj

हाथों में लाठियां, जुबां पर राहुल महिलाओं ने घेरा आलमगंज थाना

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

पटना. आलमगंज थाने के माखनपुर ईदगाह से 23 जनवरी को लापता हुए 10 वर्षीय बालक राहुल की बरामदगी की मांग को लेकर मंगलवार को नागरिकों का आक्रोश फूट पड़ा। लोगों ने पहले अशोक राजपथ को आलमगंज थाना मोड़ के पास जाम किया। इसके बाद महिलाओं व पुरुषों ने थाना का घेराव भी किया। सोमवार को परिजनों ने बच्चे को गायब किए जाने के शक में एक वृद्ध महिला को पकड़ कर पुलिस के हवाले किया था।

क्या है मामला

माखनपुर ईदगाह के बबलू प्रसाद घरेलू गैस वितरण का काम करते हैं। उनका 10 वर्ष का बेटा राहुल तीसरी कक्षा में पढ़ता है। वह 23 जनवरी को सुबह घर के समीप की दुकान से साबुन लाने निकला। इसके बाद से वह लापता है। 24 जनवरी को राहुल की गुमशुदगी का मामला आलमगंज थाना में दर्ज कराया गया। परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने सनहा दर्ज करने के बाद बच्चे को खोजने में सक्रियता नहीं दिखाई। 27 जनवरी को बच्चे की तलाश में निकले परिजनों ने माखनपुर ईदगाह की रहने वाली 70 साल की महिला कमला देवी को पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया था। बताया गया कि यह महिला पूर्व में भी बच्चा गायब करने के मामले में आरोपित रही है।

हाथ में थे लाठी और डंडे

लाठी घटना से विचलित लोगों ने दोपहर करीब एक बजे रोड को थाना मोड़ पर जाम कर दिया। इसके बाद एक जत्था आलमगंज थाना जाकर घेराव कर बच्चे की बरामदगी की मांग करने लगे। इसमें शामिल महिलाओं ने थाने को घेरा, जबकि पुरुषों ने थाना के मोड़ पर यातायात को बाधित कर दिया था। हाथ में डंडा व लाठी लिए महिलाएं पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगा रही थी।

पुलिस की टीम गई हाजीपुर

बाद में पुलिस की टीम महिला कमला देवी के बेटे गुड्डू को साथ लेकर हाजीपुर में उसकी बहन मुन्नी के घर गई। परिजनों का शक था कि बच्चे को वहां ले जाकर छिपाया गया है। अपर थानाध्यक्ष रविन्द्र कुमार ने बताया कि पुलिस वहां गई थी, मगर सफलता नहीं पाई। पुलिस टीम के साथ लापता बालक के पिता बबलू व मां पिंकी देवी भी गई थी।