पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंशेखपुरा. बुधवार को हादसे में शिक्षक की मौत के बाद छात्रों ने जमकर उत्पात मचाया। वाहनों व दुकानों में तोडफ़ोड़, दुकानदारों की पिटाई, बाइकों को फूंकने से लेकर छात्रों ने सर्किट हाउस पर पथराव तक किया और पुलिस से भिड़ गए। पुलिस को भी लाठी चार्ज करनी पड़ी। शहर में अराजक माहौल के बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई। पुलिस कैम्प कर रही है।
सुबह में शहर के श्याम सुंदर सिंह महाविद्यालय में भौतिकी विषय के शिक्षक शंकर सिंह की मौत मेहुस मोड़ के पास मिनी वैन की टक्कर से हो गयी। वे अपने गांव रसलपुर से कॉलेज जा रहे थे। हादसे के बाद छात्र नाराज हो गए और वे लाठी-डंडे लेकर सड़क पर उतर गये। कई दुकानदारों की पिटाई कर दी। दुकानों में घुसकर सामान तोड़े और दल्लू चौक पर आगजनी की। इसके बाद सैकड़ों छात्रों ने सब्जी मंडी में घुसकर उत्पात मचाया और सब्जियां सड़क पर फेंक दी। शहर के मुख्य बाजार, कटरा चौक, चांदनी चौक के दुकानदारों में भगदड़ मच गयी। लोग दुकानों के शटर बंद करने लगे। दुकानदारों की पिटाई कर दुकानों में तोड़-फोड़ की।
अफसरों के वाहन भी रहे निशाने पर, बाइक फूंकी, 5 गिरफ्तार
स्कूल वाहन समेत डीसीएलआर, जिला निबंधन पदाधिकारी, योजना विभाग के वाहनों समेत रास्ते में जो भी वाहन मिले उनके शीशे तोड़ दिए। सर्किट हाउस के पास मोटरसाइकिल में आग लगा दी गई और सर्किट हाउस पर पथराव भी किया। घटना के दो घंटे बाद भी पुलिस नहीं पहुंची। काफी देर बाद पहुंची नगर थाने की पुलिस और छात्रों के बीच जमकर झड़प हुई। एसडीओ सुबोध कुमार तथा एएसपी मृत्युंजय चौधरी के नेतृत्व में पहुंची पुलिस ने छात्रों पर लाठी चार्ज कर उन्हें खदेड़ा। शहर की स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है।
पुलिस मुख्य स्थानों पर कैम्प कर रही है। उपद्रवी छात्रों ने डीएम प्रणब कुमार व एसपी मीनू कुमारी के आवास पर पथराव किया तथा नेम-प्लेट भी तोड़ डाला। तोडफ़ोड़ मामले में पुलिस ने पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। 250 अज्ञात पर शेखपुरा थाने में प्राथमिकी दर्ज की गयी है। रसलपुर के सोनू कुमार तथा प्रिंस कुमार, शहर के गिरहिंडा चौक के शिवम् कुमार, गोविन्द कुमार व रोहित कुमार को गिरफ्तार किया गया है। वीडियो फुटेज के आधार पर उपद्रवी छात्रों को चिन्हित किया जा रहा है।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.