बाढ़. पैसे के बंटवारे को लेकर विवाद इतना बढ़ा कि साथियों ने ही युवक शशि कुमार की गोलीमार कर हत्या कर दी। घटना पंडारक थाना क्षेत्र के तहत रेलवे स्टेशन के समीप शनिवार की दोपहर की है। मृतक शशि कुमार पंडारक निवासी जनार्दन सिंह का बेटा था। बताया जाता है कि दोपहर 11 बजे के करीब शशि अपने घर में था। तभी उसके साथी बिट्टू सिंह उसे घर से बुलाकर बथान की ओर ले गया। जहां उसकी गोलीमार कर हत्या कर दी। ग्रामीण पुलिस अधीक्षक हरकिशोर राय ने बताया कि मृतक शशि और बिट्टू सिंह आपस में मित्र थे।
दोनों चोरी की छोटी-छोटी घटनाओं को अंजाम देते थे। चोरी के पैसे या सामान के बंटवारे को लेकर दोनों के बीच विवाद था। इसी क्रम में बिट्टू ने शनिवार को शशि को गोली मार दी। हत्या की खबर मिलते ही स्थानीय लोगों ने शव के साथ पंडारक के इंग्लिश चैक के पास सड़क जाम कर दिया। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जाम समाप्त करवाया। वहीं, शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
पुरस्कृत किए जाएंगे पुलिसकर्मी
जिले के ग्रामीण पुलिस अधीक्षक हरकिशोर राय ने शनिवार को पंडारक में हुई हत्याकांड का दो घंटे के अंदर खुलासा कर बदमाशों को हथियार समेत गिरफ्तार करनेवाले को पुरस्कृत करने की बात कही है। एसपी ने कहा कि टीम में शामिल अधिकारी व पुलिस बल को पुरस्कृत करने की अनुशंसा की जाएगी।
वारदात के 2 घंटे के अंदर दबोचा गया हत्यारा
घटना के महज दो घंटे के अंदर पुलिस ने छापेमारी करते हुए हत्यारे को दबोच लिया। हत्यारों के पास से पुलिस ने दो देशी पिस्तौल व 8 कारतूस भी बरामद किया है। हत्या की खबर मिलने के बाद अपर पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार तिवारी और थानाध्यक्ष अविनाश कुमार संयुक्त रूप से आरोपी बिट्टू सिंह के घर ढीवर की ओर कूच कर गए। आरोपी बिट्टू और उसके पिता विपिन सिंह असलहे के साथ भागने की फिराक में थे। तभी पुलिस ने उसके घर की नाकेबंदी कर दी और दोनों को दबोच लिया।